कैंसर की नकली दवाईयां सप्लाई करने का आरोप, बिहार से एक और गिरफ्तारी, दिल्ली क्राइम ब्रांच का एक्शन

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच की टीम ने नकली कैंसर दवा रैकेट में शामिल एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस मामले में एक और आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से दबोचा गया है। इसकी पहचान आदित्य कृष्ण के रूप में हुई है। पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश करने के बाद आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी आदित्य कृष्ण इस सिंडिकेट में शामिल नीरज चौहान से दवाईयां खरीदता था। इसके बाद आगे पुणे और एनसीआर में सप्लाई करता था। वह मुजफ्फरपुर में अपनी खुद की केमिस्ट शॉप भी चलाता था। आरोपी ने आईआईटी बीएचयू से बीटेक की पढ़ाई कर रखी है। इसके बाद वह गलत गतिविधियों में शामिल हो गया। कम वक्त में ज्यादा रुपए कमाने की चाहत में आरोपी इस धंधे का हिस्सा बन गया।
क्राइम ब्रांच इस रैकेट में शामिल सात लोगों को पहले ही अरेस्ट कर चुकी है, जिनमें दो दिल्ली के नामी अस्पताल के स्टाफ थे। यह गैंग मोती नगर इलाके में किराए पर लिए गए दो फ्लैट में कैंसर की नकली दवाओं को शिशियों में भरकर उन्हें आगे सप्लाई करते थे। पुलिस इनसे इस गौरख धंधे की चेन में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। ताजा गिरफ्तारी नीरज चौहान से की गई पूछताछ के आधार पर हुई है।



