एबॉर्शन के नाम पर डॉक्टर कांड कर फरार, काट दी छोटी आंत और बच्चेदानी
बिहार के भोजपुर में फेक डॉक्टर की करतूत

आरा/बिहार। भोजपुर जिला मुख्यालय आरा से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिसमें शहर के नवादा थाना क्षेत्र के महावीर टोला स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टर ने एबॉर्शन के नाम पर एक महिला की बच्चेदानी और छोटी आंत को काट दिया। उसके बाद डॉक्टर फरार हो गया। इस घटना के बाद महिला को परिजनों ने सदर अस्पताल में पिछले दस दिनों से भर्ती कराया था। आज महिला की मौत हो गई। उसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और शव के साथ सड़क को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा- बुझाकर मामले को शांत कराया।
मृतक महिला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धुंधुआं गांव निवासी इंद्रजीत कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी है। उसकी उम्र महज 25 साल थी। 26 अक्टूबर, 2024 को ज्योति कुमारी किसी काम से घर से बाहर निकली। वो गर्भवती थी। इस दौरान कहीं गिर जाने से उसके पेट में दर्द शुरू हुआ। ज्योति ने स्थानीय आरएमपी डॉक्टर यानी मेडिकल प्रैक्टिशनर को जाकर अपनी समस्या बताई। कथित फर्जी ग्रामीण चिकित्सक महेश ने उसे आरा के महावीर टोला निजी अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। उसकी सलाह पर ज्योति आरा आकर निजी अस्पताल में भर्ती हो गई।
उसके बाद ज्योति को देखने के बाद निजी अस्पताल के डॉक्टर ने अबॉर्शन की बात कही। परिजन तैयार हो गए। उसके बाद डॉक्टर ने एबॉर्शन के दौरान उसकी छोटी आंत और बच्चेदानी काट दी। उसके बाद महिला की हालत नाजुक हो गई। डर के मारे डॉक्टर ने उसे एक अलग अस्पताल में भर्ती कराया और कहा कि खर्च वो खुद देगा। उसके बाद डॉक्टर वहां से भाग निकला। परिजनों ने डॉक्टर और ग्रामीण डॉक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों फरार हो गए।
महिला की स्थिति में सुधार नहीं देख परिजनों ने उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने देखते ही पटना रेफर कर दिया। लेकिन गरीब परिवार वाले पटना ले जाने की जगह आरा सदर अस्पताल में ही इलाज कराते रहे। चिकित्सा के अभाव में महिला की बारह दिन बाद मौत हो गई। उसके बाद घर में कोहराम मच गया। महिला को मात्र एक वर्ष की एक बेटी है। परिजनों ने उसके शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। बाद में स्थानीय पुलिस के समझाने पर जाम हटाया। नवादा थानाध्यक्ष मो. सरफुद्दीन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच जारी है।



