यूपी में मिशन शक्ति फेल : अलीगढ़ में थाना टप्पल की जट्टारी चौकी में फरियादी महिला से दरोगा ने की बदसलूकी

पुलिस चौकी में आत्मदाह की कोशिश करने वाली महिला पर मुकदमा दर्ज — सवालों के घेरे में पुलिस कार्यप्रणाली

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले के थाना टप्पल क्षेत्र स्थित जट्टारी चौकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शिकायत लेकर पहुंची एक महिला के साथ कथित तौर पर दरोगा द्वारा बदसलूकी किए जाने का आरोप है। घटना के बाद आहत महिला ने चौकी परिसर में ही आत्मदाह करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर कई दिनों से अधिकारियों के चक्कर काट रही थी। कहीं सुनवाई न होने पर वह अपनी शिकायत लेकर जट्टारी चौकी पहुंची। आरोप है कि चौकी पर तैनात दरोगा ने महिला की बात सुनने के बजाय उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वहां मौजूद सिपाही मुकुल ठाकुर ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई।
पुलिसकर्मियों के व्यवहार से परेशान होकर महिला ने चौकी परिसर में ही मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मी कोई ठोस कदम उठाते नजर नहीं आए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला के हाथ से तेल की केन छीन ली और उसे काबू में कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बीते छह महीनों में यह तीसरी घटना है, जब थाना या चौकी परिसर में आत्मदाह की कोशिश हुई है। इससे पहले खैर क्षेत्र में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें पुलिस की लापरवाही के आरोप लगे थे। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद से पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई और वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। क्षेत्राधिकारी खैर संजीव तोमर ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जोभी दोषी होगी उसपर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button