फतेहपुर में भीषण हादसा, कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर तेज रफ्तार कार ट्रेलर में जा घुसी, कांग्रेस नेता समेत तीन की मौत
Horrible accident in Fatehpur, high speed car rammed into trailer on Kanpur-Prayagraj highway, three people including Congress leader died

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर प्रयागराज हाईवे पर कल्याणपुर थाने के बड़ौरी टोल प्लाजा के समीप एक तेज रफ्तार कार ट्रेलर में जा घुसी जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में कन्नौज जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष अविनाश चंद्र दुबे पत्रकार मनोज शुक्ला व ड्राईवर कौशल कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार की स्पीड करीब 120 किमी प्रति घंटा थी।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर पत्थर लदे ट्रेलर के अचानक दाहिनी ओर मुड़ने से तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराई। हादसे में कन्नौज जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष अविनाश चंद्र दुबे, उनके पत्रकार मित्र मनोज शुक्ला व चालक कौशल कुमार तिवारी की मौत हो गई। बुधवार सुबह तीनों कार से हाई कोर्ट प्रयागराज जा रहे थे और बड़ौरी टोल प्लाजा के समीप हादसा हो गया। कार की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे थी, जबकि हाईवे पर रफ्तार सीमा 100 किमी प्रति घंटे निर्धारित है।
दिवंगत अविनाश चंद्र पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. विद्याचरण शुक्ल के रिश्ते में भतीजे थे और इत्र का कारोबार करते थे। बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्र भी रिश्ते में अविनाश के फूफा हैं। कन्नौज के कोतवाली क्षेत्र के युसुफपुर भगवान मकरंदनगर में रहने वाले 64 वर्षीय अविनाश चंद्र दुबे बुधवार सुबह ग्वाल मैदान निवासी 65 वर्षीय मित्र मनोज शुक्ला व गुरसहायगंज थाने के रामकृष्णनगर मोहल्ला निवासी 37 वर्षीय चालक कौशल कुमार तिवारी के साथ बलेनो कार से प्रयागराज जा रहे थे।
करीब साढ़े नौ बजे कल्याणपुर थाने के बड़ौरी टोल प्लाजा के समीप पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने अचानक दाहिनी ओर गाड़ी मोड़ दी। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर में पीछे से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद कार के दोनों एयर बैग खुल गए, इसके बावजूद तीनों लोगों की जान चली गई। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा जहां तीनों को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रेलर छोड़कर चालक भाग निकला। भांजे अंकित दीक्षित ने बताया कि मामा अविनाश चंद्र दुबे जरूरी काम से हाई कोर्ट जा रहे थे। कल्याणपुर थानाध्यक्ष रमाशंकर सरोज ने बताया कि अविनाश चंद्र दुबे के साले कानपुर के सर्वोदयनगर निवासी उदयभान दीक्षित की तहरीर पर ट्रेलर चालक के विरुद्ध लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर हादसा करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।




