गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच ने तीन नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

Crime Branch arrested three drug smugglers in Gurugram

गुरुग्राम। गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच तावड़ू टीम ने गस्त के दौरान सोहना मार्ग से तीन नशा तस्करों को मादक पदार्थ हेरोइन और एक स्कॉर्पियो कार सहित दबोचा है। इनसे एक किलो 210 ग्राम मादक पदार्थ मिला है, जिसकी कीमत पुलिस के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। रोजका मेव थाना पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।
एंटी नारकोटिक सेल नूंह व क्राइम ब्रांच तावड़ू प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर एक टीम गस्त के दौरान नूंह सोहना मार्ग कंवरसीका बस स्टैंड पर मौजूद थी। उसी दौरान सूचना मिली कि मुमताज उर्फ सिनम पुत्र उमरदीन निवासी रेहना, आसिफ पुत्र आस मोहम्मद निवासी शाहपुर नंगली थाना सदर नूंह और आजाद पुत्र शाहिद निवासी रहपुवा थाना पिनंगवा नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। जो स्कॉर्पियो कार में सवार होकर सोहना की ओर से नशीला पदार्थ लेकर आएंगे।
सूचना के मिलते ही टीम ने सोहना रोड रोजका मेव मोड़ पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद सोहना की ओर से एक स्कॉर्पियो कार आई। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक ने सामने पुलिस को देख भागने का प्रयास किया। लेकिन गाड़ी को तीन युवकों सहित काबू कर लिया गया। वहीं, तलाशी लेने पर कार हैंड ब्रेक के नीचे एक पॉलीथिन मिली। जिसमें बरामद पदार्थ की पुष्टि हेरोइन के रूप में हुई। इसका कुल वजन एक किलो 210 ग्राम था।
एएनसी प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित मुमताज जिले में नशा तस्करी का बड़ा सरगना है। इस पर पहले भी नूंह और रोजका मेव थाने में एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। बीते साल 25 दिसंबर को रोजका मेव थाने में दर्ज केस में वांछित था।
उन्होंने बताया कि इनसे मिली हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। जिले में नशे पर रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पहली बार नशा तस्करों से इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिला है। थाना रोजका मेव पुलिस ने इस संदर्भ में तीनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button