तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर तनाव, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प; हाई कोर्ट ने दिए रिहाई के निर्देश
तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान 'दीपथून' पर दीप जलाने को लेकर हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच झड़प हुई।

मदुरै। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीप जलाने के स्थान को लेकर मंगलवार को विवाद गहरा गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर स्थित पारंपरिक दीपस्तंभ ‘दीपथून’ पर दीप जलाने को लेकर हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा नेताओं और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया।
जानकारी के अनुसार, अरुल्मिगि उचिपिल्लैयार मंदिर के ऊपर स्थित पारंपरिक स्थान पर दीप जलाने को लेकर विरोध जताते हुए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पहाड़ी के प्रवेश मार्ग पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और भीड़ को गैरकानूनी बताते हुए तत्काल तितर-बितर होने की चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई।
मामले में दिन के अंत में मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ ने हस्तक्षेप करते हुए तमिलनाडु सरकार और संबंधित अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश का पालन करने का निर्देश दिया। अदालत ने जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रशासन को पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति देने को कहा। साथ ही निषेधाज्ञा के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल रिहा करने का निर्देश भी दिया।
दरअसल, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीप जलाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पहाड़ी की तलहटी में सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर स्थित है, जबकि चोटी के पास सिकंदर बादशाह दरगाह और एक शिव मंदिर है। हिंदू संगठनों का दावा है कि पहाड़ी पर स्थित पत्थर का स्तंभ ‘दीपथून’ मंदिर से संबंधित है और वहां पारंपरिक रूप से दीप जलाया जाना चाहिए। दूसरी ओर, दरगाह पक्ष और कुछ मुस्लिम संगठनों ने इस स्थान पर दीप जलाने का विरोध किया है।
इस विवाद पर 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर एक बार प्रतीकात्मक रूप से दीप जलाने की अनुमति दी थी। शीर्ष अदालत ने साथ ही स्पष्ट किया था कि अनुष्ठान केवल अधिकृत टीम के माध्यम से संपन्न होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़ी की चोटी पर आम लोगों, जुलूस और भीड़ के एकत्र होने की अनुमति नहीं होगी। फिलहाल अदालत के निर्देशों के बाद प्रशासन के सामने आदेश का पालन कराने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की चुनौती है।




