अग्नाशय कैंसर के इलाज में नई उम्मीद, डाराक्सोनरासिब दवा के शुरुआती परीक्षण में मिले उत्साहजनक नतीजे

पैंक्रियाटिक कैंसर को बेहद घातक और इलाज के लिए बहुत मुश्किल बीमारियों में माना जाता है। इस कैंसर के पता चलने के बाद लगभग आधे मरीजों की तीन महीने के भीतर मौत हो जाती है। वैज्ञानिकों ने इसके इलाज के लिए ऐसी दवा तैयार की है, जो ट्रायल में बेहद असरदार साबित हुई है।

पैंक्रियाटिक कैंसर के इलाज में बड़ी सफलता

लंदन, एजेंसी। दुनिया के सबसे घातक कैंसरों में शामिल अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) कैंसर के इलाज को लेकर वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। शोधकर्ताओं ने डाराक्सोनरासिब नाम की एक नई दवा के शुरुआती परीक्षण में उत्साहजनक परिणाम दर्ज किए हैं। दवा के इस्तेमाल से कई मरीजों में ट्यूमर सिकुड़ने या पूरी तरह दिखाई देना बंद होने की बात सामने आई है। हालांकि, विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि इसे अभी पूर्ण इलाज नहीं माना जा सकता।

परीक्षण में एडवांस्ड अग्नाशय कैंसर से पीड़ित 61 मरीजों को कीमोथेरेपी के साथ यह दवा दी गई। करीब 18 महीने तक मरीजों की निगरानी में पाया गया कि लगभग 90 प्रतिशत मरीजों में कैंसर का बढ़ना रुक गया, जबकि 60 प्रतिशत से अधिक मरीजों में ट्यूमर सिकुड़ गया या खत्म हो गया। करीब आठ प्रतिशत मरीजों के सीटी स्कैन में ट्यूमर दिखाई नहीं दिया।

कैंसर रिसर्च यूके ने इन परिणामों को अग्नाशय कैंसर के उपचार में दशकों की महत्वपूर्ण प्रगति बताया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह दवा कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाने की नई रणनीति पर काम करती है और उन मरीजों के लिए उम्मीद पैदा कर सकती है, जिनके लिए अब तक उपचार के विकल्प सीमित रहे हैं।

परीक्षण के आंकड़ों के अनुसार, दवा और कीमोथेरेपी का उपचार शुरू होने के एक साल बाद 76.6 प्रतिशत मरीज जीवित थे। इसकी तुलना में पारंपरिक कीमोथेरेपी से उपचार पाने वाले मरीजों में जीवित रहने की दर अपेक्षाकृत कम बताई गई है।

अग्नाशय कैंसर का पता अक्सर बीमारी के गंभीर चरण में चलता है और इसके अन्य अंगों तक फैलने के बाद उपचार काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। यही वजह है कि इस नई दवा के परिणामों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, चिकित्सकों का कहना है कि यह जानना अभी बाकी है कि दवा कितने समय तक कैंसर को नियंत्रित रख सकती है और इसका दीर्घकालिक प्रभाव कितना प्रभावी होगा। बड़े और विस्तृत परीक्षणों के बाद ही इसकी सुरक्षा, प्रभावशीलता और इलाज में वास्तविक भूमिका को लेकर स्पष्ट निष्कर्ष सामने आ सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button