गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : सीएम पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं प्रेम, समानता, ईमानदारी और सेवा का संदेश देती हैं।

देहरादून, एजेंसी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को रेसकोर्स स्थित गुरु गोविंद नगर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की तथा संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव और अंधविश्वास का विरोध करते हुए प्रेम, समानता और सेवा का संदेश दिया। उनकी तीन प्रमुख शिक्षाएं नाम जपो, किरत करो और वंड छको अर्थात परमात्मा का स्मरण, ईमानदारी से परिश्रम और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करना, आज भी बेहतर समाज के निर्माण का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि संगत और लंगर की परंपरा तथा ‘सरबत दा भला’ की भावना सामाजिक एकता और समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

धामी ने सिख समाज के साहस, त्याग और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख आस्था और धार्मिक विरासत के सम्मान में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर इसका प्रमुख उदाहरण है। इसके अलावा गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे को मंजूरी मिलने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button