आगरा से लौट रही स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, चार छात्रों की मौत, कई घायल

कौशाम्बी के सिराथू स्थित ओरिएंटल ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस आगरा-मथुरा से शैक्षिक भ्रमण कर लौटते समय मंगलवार सुबह कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र और स्कूल स्टाफ घायल हो गए।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। आगरा से शैक्षिक भ्रमण कर कौशाम्बी लौट रही एक निजी स्कूल की बस मंगलवार सुबह कन्नौज जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्र-छात्राएं और स्कूल स्टाफ घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, कौशाम्बी जिले के सिराथू स्थित ओरिएंटल ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस कक्षा छह से दसवीं तक के विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण के लिए आगरा ले गई थी। आगरा और मथुरा का भ्रमण करने के बाद बस विद्यार्थियों और शिक्षकों को लेकर वापस कौशाम्बी लौट रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5:45 से 6 बजे के बीच कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209-210 के पास विद्यार्थियों के वॉशरूम जाने के लिए बस सड़क किनारे खड़ी की गई थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी।

हादसे के समय बस में करीब 50 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-कर्मचारियों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों के उपचार की व्यवस्था में जुटे रहे।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर बस खड़ी करने की जगह और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर बस रोकी गई थी, वहां निर्धारित रेस्ट एरिया नहीं था। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर बस रोकने के निर्णय और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जांच की मांग उठ रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button