तीन दशक बाद लौटेगी ‘बैंडिट क्वीन’, सीक्वल में दिखेगा जेल से रिहाई के बाद फूलन देवी के जीवन का अनकहा सफर

1994 में फूलन देवी पर बनी फिल्म 'बैंडिट क्वीन' के सीक्वल का एलान किया गया है।

‘बैंडिट क्वीन’ के सीक्वल का हुआ एलान

एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। भारतीय सिनेमा की चर्चित फिल्मों में शामिल शेखर कपूर की 1994 में आई ‘बैंडिट क्वीन’ का सीक्वल बनने जा रहा है। करीब तीन दशक बाद इस फिल्म के जरिए डकैत से सांसद बनीं फूलन देवी के जीवन के उस अध्याय को पर्दे पर उतारने की तैयारी है, जिसे पहली फिल्म में नहीं दिखाया गया था। नई फिल्म में वर्ष 1983 में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के बाद फूलन देवी के जीवन, जेल में बिताए गए 11 वर्षों, रिहाई के बाद उनके संघर्ष और वर्ष 2001 में हुई उनकी हत्या तक की घटनाओं को कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा।

फिल्म ‘सतलुज’ के निर्देशक हनी त्रेहान को इस प्रोजेक्ट के निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह फिलहाल इसकी पटकथा और उससे जुड़े शोध पर काम कर रहे हैं। निर्देशक ने ‘मिड-डे’ से बातचीत में कहा कि ‘बैंडिट क्वीन’ उनकी पीढ़ी के फिल्मकारों के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत रही है। ऐसे में इसके सीक्वल पर काम करना उनके लिए खास होने के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

हनी त्रेहान के अनुसार, नई फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां शेखर कपूर की मूल फिल्म समाप्त हुई थी। उनका कहना है कि मूल फिल्म ने जिस विषय और संदेश को सामने रखा था, उसका सम्मान करते हुए आगे की कहानी को विकसित करना जरूरी है। वह इस समय पटकथा में पूरी तरह जुटे हुए हैं और निर्माता बॉबी बेदी की ओर से पहले से किए गए शोध का भी अध्ययन कर रहे हैं।

निर्माता बॉबी बेदी ने बताया कि वर्ष 1994 की ‘बैंडिट क्वीन’ मुख्य रूप से फूलन देवी के साथ हुए अत्याचार, उनके संघर्ष और बदले की भावना के इर्द-गिर्द केंद्रित थी, जबकि सीक्वल में जेल से बाहर आने के बाद उनके जीवन को प्रमुखता दी जाएगी। फिल्म में यह दिखाने की कोशिश होगी कि असाधारण परिस्थितियों से गुजरने वाली फूलन देवी ने रिहाई के बाद अपने जीवन को किस दिशा में आगे बढ़ाया और समाज में अपनी नई पहचान कैसे बनाई।

सीक्वल की कहानी में फूलन देवी और उम्मेद सिंह के रिश्ते को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया जाएगा। बाद में दोनों ने विवाह किया था। निर्माता के मुताबिक, उनकी प्रेम कहानी के साथ-साथ फूलन देवी का निजी जीवन, महिलाओं के अधिकारों के लिए उनकी लड़ाई और राजनीति में उनकी भूमिका भी फिल्म का अहम हिस्सा होगी। फूलन देवी दो बार सांसद चुनी गई थीं। फिल्म के माध्यम से उनके जीवन के उन पहलुओं को सामने लाने की योजना है, जिनसे दर्शक पहली फिल्म में परिचित नहीं हो सके थे।

गौरतलब है कि ‘बैंडिट क्वीन’ का निर्देशन शेखर कपूर ने किया था और इसकी पटकथा माला सेन की पुस्तक ‘इंडियाज बैंडिट क्वीन: द ट्रू स्टोरी ऑफ फूलन देवी’ पर आधारित थी। फिल्म में सीमा बिस्वास ने फूलन देवी की मुख्य भूमिका निभाई थी, जबकि निर्मल पांडे भी प्रमुख किरदार में नजर आए थे। 26 जनवरी 1994 को रिलीज हुई इस फिल्म को अपने विषय, अभिनय और निर्देशन के लिए व्यापक चर्चा मिली थी।

‘बैंडिट क्वीन’ को हिंदी में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर क्रिटिक्स अवॉर्ड सहित कई सम्मान मिले थे। इसे 67वें अकादमी पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म श्रेणी के लिए भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में भी भेजा गया था। ऐसे में इसके सीक्वल से दर्शकों की उम्मीदें जुड़ना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि हनी त्रेहान फूलन देवी के जीवन के इस दूसरे अध्याय को किस सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button