दीपावली की रात विवाद में राष्ट्रपति भवन के सैनिक को मारी गोली, वीडियो जारी कर सौरभ ने बताई घटना

दीपावली की रात हुए विवाद में राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ को गांव के ही रहने वाले धीरज ने गोली मार दी थी। सौरभ अब खतरे से बाहर हैं।

बागपत के सौरभ गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती
बागपत,उत्तर प्रदेश। दीपावली की रात गांव में हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राष्ट्रपति भवन में तैनात सैनिक सौरभ को गोली मार दी गई। सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सौरभ को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अस्पताल में उपचार के दौरान सौरभ ने एक वीडियो जारी कर घटना की जानकारी दी और गोली मारने वाले युवक की पहचान गांव के ही धीरज के रूप में बताई।

जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात गोपालपुर खड़ाना गांव निवासी विनीत और उसका दोस्त धीरज शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और झगड़े में बदल गया। शोर-शराबा सुनकर विनीत का भाई सौरभ मौके पर पहुंचा और दोनों को समझाकर विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान धीरज ने तमंचे से गोली चला दी, जो सौरभ के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सौरभ दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन की घुड़सवार यूनिट में तैनात हैं और दीपावली का त्योहार मनाने के लिए छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। वीडियो में उन्होंने बताया कि वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने गोली चलाने वाले युवक की पहचान धीरज के रूप में की है।

क्षेत्राधिकारी बड़ौत ने बताया कि दीपावली की रात थाना रमाला पुलिस को ग्राम गोपालपुर खड़ाना में गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, गांव के ही मोनू उर्फ प्रवीण और धीरज पर सौरभ को गोली मारकर घायल करने का आरोप है। इसी घटना के दौरान विनीत के सिर पर डंडे से हमला कर उसे भी घायल किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों घायलों का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना रमाला में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button