जालौन के शिव मंदिर में तोड़फोड़, ग्रामीणों में भारी आक्रोश, कार्रवाई की मांग
Vandalism at Shiv temple in Jalaun, huge outrage among villagers, demand for action

जालौन/उत्तर प्रदेश। जालौन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बीते देर रात अज्ञात अराजक तत्वों ने गांव के प्राचीन शिव मंदिर में तोड़फोड़ की और वहां स्थापित शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब ग्रामीण पूजा करने पहुंचे तो शिवलिंग को क्षतिग्रस्त देख हैरान हो गए। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। मौके पर पहुंची ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदवां में शनिवार की सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने वहां का दृश्य देखकर सदमा पहुंचा। मंदिर परिसर अस्त-व्यस्त पड़ा था और शिवलिंग को जानबूझकर तोड़ा गया था। यह नजारा देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस घटना के बाद क्षेत्र के कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने इस वारदात की निंदा की है।
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जालौन सीओ शैलेंद्र बाजपेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत रहने की सलाह दी। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच करने और जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने का आश्वासन दिया। साथ ही मंदिर परिसर की सुरक्षा को लेकर भी सख्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
जालौन कोतवाली पुलिस ने इस मामले में तत्काल जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो घटना से जुड़े सबूत जुटाने में जुटी है।



