20 नवंबर को मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी, तुलसी पूजन से जुड़ी हैं विशेष धार्मिक मान्यताएं

देवउठनी एकादशी 2026 में 20 नवंबर को मनाई जाएगी, जब भगवान विष्णु अपनी चार माह की योग निद्रा से जागेंगे। इस दिन तुलसी विवाह और विशेष उपायों से मां लक्ष्मी व भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है, जिससे मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। दीपावली के बाद अब श्रद्धालुओं को देवउठनी एकादशी का इंतजार है। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस अवसर पर तुलसी पूजन और उनसे जुड़े विशेष उपाय करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवउठनी एकादशी मनाई जाती है। वर्ष 2026 में एकादशी तिथि 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी और 21 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के आधार पर देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा।

इस दिन तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह का आयोजन करने की भी परंपरा है। मान्यता के अनुसार, तुलसी पूजन से भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है। इस अवसर पर तुलसी माता को लाल चुनरी अर्पित करना शुभ माना जाता है। इसके साथ ही तुलसी के पौधे के पास कलावा बांधकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

देवउठनी एकादशी की शाम तुलसी के पास घी का दीपक जलाने, फल-फूल और मिठाई का भोग लगाने की परंपरा भी प्रचलित है। श्रद्धालु इस दिन तुलसी माता की सात या 11 बार परिक्रमा करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन विधियों से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button