खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर तीन बैग से 14 करोड़ रुपये बरामद, 500 के नोटों के 280 बंडलों के साथ यात्री गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने तीन बैग से 500 रुपये के नोटों के 280 बंडल बरामद किए हैं। बरामद रकम करीब 14 करोड़ रुपये बताई गई है। इस मामले में हावड़ा निवासी राहुल सोनी को गिरफ्तार किया गया है।

पश्चिम मिदनापुर,पश्चिम बंगाल। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बैगों में 500 रुपये के नोटों के कुल 280 बंडल मिले हैं। बरामद रकम करीब 14 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में हावड़ा निवासी राहुल सोनी को गिरफ्तार किया गया है। नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य की जांच की जा रही है।

जीआरपी के एक अधिकारी के मुताबिक, राहुल सोनी जनशताब्दी एक्सप्रेस से झारखंड के टाटानगर से हावड़ा जा रहा था। सुबह ट्रेन के खड़गपुर स्टेशन पहुंचने पर वह प्लेटफॉर्म नंबर सात पर एक बैग पीठ पर टांगे और दो बैग हाथों में लेकर खड़ा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आता देख उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान राहुल संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके तीनों बैगों की तलाशी ली, जिसमें 500 रुपये के नोटों के बंडल मिले। इतनी बड़ी नकदी के स्रोत के बारे में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद जीआरपी ने उसे हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सूचना दी और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

रेलवे पुलिस अधीक्षक जयंत मुखर्जी ने बताया कि बरामद रकम कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टाटानगर से नकदी लेकर हावड़ा जा रहा था। हालांकि, टाटानगर में यह रकम किससे प्राप्त की गई और इसके पीछे क्या कारण था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आयकर विभाग को भी नकदी की जानकारी दे दी गई है, ताकि रकम के स्रोत और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button