दिल्ली में भाजपा ने निकाली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, सेवा और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने दिल्ली में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों के लिए मशाल यात्राएं रवाना की गईं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा ने इसे सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ा।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत मंगलवार को दिल्ली में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे, सह प्रभारी दर्शना जरदोश, संगठन महामंत्री पवन राणा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविन्द्र इंद्रराज और पंकज सिंह तथा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के विभिन्न संगठनात्मक मंडलों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं को संसदीय क्षेत्रों के लिए मशाल सौंपी गई। इसके बाद अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों के लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को रवाना किया गया। पार्टी के अनुसार, कलश यात्राओं और सेवा ज्योति कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों और शहरी क्षेत्रों को जोड़ते हुए सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के लिए रेखा गुप्ता, प्रवीण खंडेलवाल, विष्णु मित्तल, ऋचा पांडे मिश्रा तथा संबंधित जिला पदाधिकारियों ने मशाल लेकर यात्रा को आगे बढ़ाया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली क्षेत्र के लिए मनोज तिवारी, कपिल मिश्रा और बृजेश राय सहित पार्टी नेताओं ने मशाल ग्रहण की। पूर्वी दिल्ली में हर्ष मल्होत्रा ने यात्रा को आगे बढ़ाया।
नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के लिए विनय सहस्रबुद्धे, सांसद बांसुरी स्वराज और अन्य पदाधिकारियों ने मशाल लेकर यात्रा को रवाना किया। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के लिए योगेंद्र चांदोलिया, मोहन लाल गिहारा और रविन्द्र इंद्राज सिंह सहित पार्टी नेताओं ने भाग लिया। पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में मंत्री आशीष सूद और अन्य पदाधिकारियों ने यात्रा को आगे बढ़ाया। दक्षिणी दिल्ली में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और पार्टी पदाधिकारियों ने मशाल लेकर सेवा ज्योति यात्रा को रवाना किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर ‘सेवा ही संगठन’ की भावना को मजबूत करना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा एवं जनकल्याण की भावना पहुंचाना है। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने सेवा, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
दिल्ली भाजपा के अनुसार, ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम को प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के स्मरण के साथ-साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से भी जोड़ा गया है। कार्यक्रम के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य में नागरिकों की भागीदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रयास का संदेश दिया गया।



