नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म में वापसी का किया ऐलान, नंदकिशोर गुर्जर को बताया पिता समान
नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म स्वीकार करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की सच्चाई स्वीकार करने जा रही हूं। उनके बयान पर चर्चा तेज हो गई है।

गाजियाबाद। सुप्रीम कोर्ट की वकील और भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म में वापसी की घोषणा की है। एक वीडियो और साक्षात्कार में उन्होंने लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर को अपना बड़ा भाई और पिता समान बताते हुए कहा कि वह जल्द ही सनातन धर्म स्वीकार करेंगी। उन्होंने इसे अपने पूर्वजों की पहचान और विरासत को स्वीकार करने की दिशा में उठाया जाने वाला कदम बताया।
नाजिया इलाही खान ने कहा कि वह संविधान, समान नागरिक संहिता और सामाजिक मुद्दों पर लगातार अपनी राय रखती रही हैं। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित रामघाट पर पितरों का श्राद्ध करने के दौरान भी उन्होंने सनातन धर्म में वापसी की अपनी इच्छा जाहिर की थी। उनके मुताबिक, वह अपने पूर्वजों से जुड़ी सच्चाई को स्वीकार करना चाहती हैं।
नाजिया ने अपने बयानों को लेकर कट्टरपंथियों की कथित नाराजगी का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विचारों के कारण उन्हें निशाना बनाया जाता है और जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के अधिकारी और बनर्जी परिवारों के साथ-साथ लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर के परिवार की ओर से भी उन्हें गोत्र देने की बात कही गई है। नाजिया ने गुर्जर को अपने लिए पिता समान बताते हुए उनके समर्थन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में वापसी को लेकर वह जल्द आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगी।
पश्चिम बंगाल की मूल निवासी नाजिया इलाही खान ने कोलकाता विश्वविद्यालय से विधि की पढ़ाई करने के बाद वकालत शुरू की। तीन तलाक से जुड़े मामले में इशरत जहां की कानूनी सलाहकार के तौर पर भी उनकी पहचान बनी। वर्ष 2018 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई थीं और अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़ी रही हैं। वह मुस्लिम समाज में व्याप्त कुरीतियों, कट्टरपंथ और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक मुद्दों पर अपनी टिप्पणियों को लेकर चर्चा में रहती हैं।
नाजिया ने पहले भी पाकिस्तान से धमकियां मिलने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि आईएसआई के कथित हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी हुनैन राणा से जुड़े नंबरों के माध्यम से उन्हें डराने वाले वीडियो और संदेश भेजे गए। इन आरोपों की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है।




