अनंत चतुर्दशी पर मुंबई में रातभर चलेंगी विशेष लोकल ट्रेनें, मध्य और पश्चिम रेलवे ने की तैयारी
मुंबईकरों के लिए गुड न्यूज है। अनंत चतुर्थी के लिए मध्य और पश्चिम रेलवे ने रात भर स्पेशल लोकल चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। पश्चिम रेलवे द्वारा गणपति विसर्जन के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए डाउन लाइन पर 6 और अप लाइन पर 6 लोकल चलाई जाएगी।

मुंबई,एजेंसी। अनंत चतुर्दशी और गणपति विसर्जन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य एवं पश्चिम रेलवे ने रातभर विशेष लोकल ट्रेनें चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। मध्य रेलवे मेन लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से कल्याण के बीच 23-24, 24-25 और 25-26 सितंबर की रात दोनों दिशाओं में विशेष उपनगरीय ट्रेनें चलाएगा। हार्बर लाइन पर 25-26 सितंबर की रात छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और पनवेल के बीच दोनों दिशाओं में विशेष लोकल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
मध्य रेलवे के अनुसार, मेन लाइन पर विशेष सेवाएं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से रात 1:40 बजे, 2:30 बजे और 3:25 बजे रवाना होंगी। इनमें पहली और तीसरी लोकल कल्याण तथा दूसरी लोकल ठाणे तक जाएगी। वापसी दिशा में कल्याण से रात 12:05 बजे तथा ठाणे से रात 1 बजे और 2 बजे विशेष लोकल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए रवाना होंगी।
हार्बर लाइन पर 25-26 सितंबर की रात छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से पनवेल के लिए रात 1:30 बजे और 2:45 बजे विशेष लोकल चलेंगी। पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए रात 1 बजे और 1:45 बजे विशेष ट्रेनें रवाना होंगी।
पश्चिम रेलवे भी गणपति विसर्जन के अवसर पर 25-26 सितंबर की मध्यरात्रि चर्चगेट और विरार के बीच 12 अतिरिक्त धीमी लोकल ट्रेनें चलाएगा। छह सेवाएं चर्चगेट से विरार और छह सेवाएं विरार से चर्चगेट की ओर चलेंगी। चर्चगेट से विरार के लिए विशेष लोकल रात 1:15 बजे से 3:45 बजे के बीच रवाना होंगी, जबकि विरार से चर्चगेट के लिए सेवाएं रात 12:15 बजे से 3 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
पश्चिम रेलवे 25 सितंबर को शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक मुंबई सेंट्रल और चर्चगेट के बीच सभी स्टेशनों पर रुकने वाली 37 बारह डिब्बों वाली अप फास्ट लोकल सेवाएं भी चलाएगा। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 25 सितंबर को शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक 84 अप स्लो लोकल सेवाओं को चर्नी रोड स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ठहराव नहीं दिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ये विशेष व्यवस्थाएं की हैं।




