कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 11 की मौत, दर्जनों घायल; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
यूपी के कौशांबी में एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को विस्फोट हो गया। इसमें अभी तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, कई लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशांबी/उत्तर प्रदेश। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मनौरी चिल्लाशहबाजी गांव के निकट सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। एक के बाद एक हुए धमाकों के कारण आसपास के दर्जनों मकान ताश के पत्तों की तरह धराशायी हो गए। हादसे में झुलसने और मलबे में दबने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब तीन दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों के साथ प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
जानकारी के अनुसार मनौरी निवासी पटाखा व्यवसायी आदिल उर्फ वकील ने पिपरी कोतवाली क्षेत्र के चिल्लाशहबाजी गांव के निकट पटाखों का गोदाम बना रखा था। सोमवार को करीब 12 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोदाम में अचानक विस्फोट हो गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही लगातार कई धमाके होने लगे। विस्फोट इतना भीषण था कि गोदाम के भवन के साथ आसपास स्थित धारा सिंह, गुप्ता लाइट वाले, राखी गुप्ता और बच्चा लाल सहित कई लोगों के मकान भी धराशायी हो गए।
विस्फोट के बाद क्षेत्र में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और चारों ओर धुएं का गुबार छा गया। धमाकों और आग के बीच मची चीख-पुकार से ग्रामीणों में कोहराम मच गया। हादसे में बड़ी संख्या में लोग झुलस गए और कई लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों की सूचना पर पिपरी और चरवा पुलिस मौके पर पहुंची। प्रयागराज की पूरामुफ्ती कोतवाली पुलिस की सूचना पर आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों से एंबुलेंस भी मौके पर पहुंचीं और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया।
आग पर काबू पाने के लिए पांच से अधिक अग्निशमन वाहनों को लगाया गया। वहीं मलबे में दबे लोगों की तलाश और राहत कार्य के लिए छह से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहा है। घटनास्थल पर शव और घायलों के मिलने के बीच परिजन अपनों की तलाश में परेशान दिखाई दिए। मलबे के बड़े हिस्से के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीजी ज्योति नारायण, आईजी अजय पाल शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने बचाव कार्य में लगी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मामले में पिपरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ विस्फोटक अधिनियम के तहत नौशाद, शकील, शबाना, कहकसा बानो, आदिल और साइना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस हादसे के कारणों और पटाखा गोदाम में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच कर रही है।
हादसे में मृतकों की पहचान प्रियांजलि (5 वर्ष), प्रवीण सिंह (13 वर्ष), जाह्नवी (12 वर्ष), आदित्य (12 वर्ष), रवि (8 वर्ष), ज्ञान सिंह (40 वर्ष), आदित्य (8 वर्ष), अंजू (32 वर्ष), विक्रम सरोज (35 वर्ष), अंश (6 वर्ष) और नन्हा (4 वर्ष) के रूप में हुई है। राहत और बचाव कार्य जारी होने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
यूपी के सीएम योगी ने पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट शोक व्यक्त करते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। सीएम ने एक्स पर लिखा कि जनपद कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
सीएम ने आगे लिखा कि स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के लिए निर्देश दिया गया है।




