कानपुर में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान चार सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त, दो पायलटों की मौत
कानपुर में गंगा बैराज के पास नत्थूपुरवा गांव के करीब गुरुवार दोपहर एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है। हादसे में दोनों पायलटों की मौत हो गई।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर में ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा इलाके में गुरुवार सुबह प्रशिक्षण उड़ान के दौरान चार सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। विमान के जमीन पर गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसके बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर राहत-बचाव कार्य के साथ जांच की कार्रवाई शुरू कराई। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। चार सीटर विमान प्रशिक्षण उड़ान पर था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान नत्था पुरवा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया और जमीन पर जा गिरा।
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों पायलटों की पहचान अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक और सुमित भाटिया, निवासी गुजरात के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान टेकनम कंपनी का बताया जा रहा है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, मौसम अथवा किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
हादसे की सूचना संबंधित विमानन अधिकारियों को भी दी गई है। पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे तथा दुर्घटना से जुड़े जरूरी साक्ष्य और जानकारी जुटाई गई। विमान दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




