गुरु रविदास जयंती पर शाहदरा जिला भाजपा ने निकाली भव्य पदयात्रा, जन्मभूमि की पवित्र माटी का कलश पहुंचाया
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष पर शाहदरा जिला भाजपा ने भव्य कार्यक्रम और पदयात्रा का आयोजन किया। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई नेता शामिल हुए।

पूर्वी दिल्ली। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तालकटोरा स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की मौजूदगी में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मभूमि से लाई गई पवित्र माटी के कलश को शाहदरा जिला भाजपा की टीम को सौंपा गया। जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिलाध्यक्ष दीपक गाबा तथा जिला महामंत्री अनिल शर्मा, गीता शर्मा और सुंदर चौधरी ने संयुक्त रूप से पवित्र माटी का कलश प्राप्त किया।
भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार, पवित्र माटी के इस कलश को शाहदरा जिले के माध्यम से मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं को संत रविदास जी की पावन जन्मभूमि से जोड़ना तथा उनके समानता, सामाजिक समरसता, मानवता और भाईचारे के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के बाद शाहदरा जिला भाजपा की ओर से विज्ञान लोक, आनंद विहार से महाकात्यायनी मंदिर, जागृति एंकलेव तक भव्य पदयात्रा निकाली गई। पवित्र माटी के कलश को श्रद्धापूर्वक पदयात्रा के माध्यम से मंदिर परिसर तक ले जाया गया। पदयात्रा में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय निवासियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता के उनके संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पदयात्रा के समापन के बाद पवित्र माटी के कलश को महाकात्यायनी मंदिर, जागृति एंकलेव में विधिवत श्रद्धापूर्वक विराजमान किया गया।
भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि पवित्र माटी का कलश आगामी दो से तीन दिनों तक मंदिर परिसर में रखा जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के निवासी और श्रद्धालु कलश के दर्शन कर संत रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकेंगे।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन समानता, प्रेम, सामाजिक समरसता, मानवता और भाईचारे का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से मुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
जिला भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि संत रविदास जी की जन्मभूमि की पवित्र माटी का दिल्ली के विभिन्न जिलों और मंडलों तक पहुंचना केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के संकल्प का प्रतीक भी है। 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर इस अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों को प्रत्येक परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम और पदयात्रा में जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, जिलाध्यक्ष दीपक गाबा, जिला महामंत्री अनिल शर्मा, गीता शर्मा और सुंदर चौधरी सहित जिला एवं मंडल के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





