विधायक की जनचौपाल में हंगामा, ‘वोटर नहीं’ कहकर सुनवाई से इनकार पर ग्रामीण ने गाड़ी की बोनट पर लिटाया बच्चा

करैरा से बीजेपी विधायक रमेश खटीक की जनचौपाल में भारी हंगामा हो गया। विधायक ने पड़ोसी विधानसभा पोहरी से आए ग्रामीणों की समस्या सुनने से यह कहकर मना कर दिया कि तुम मेरे वोटर नहीं हो।

शिवपुरी/मध्य प्रदेश। शिवपुरी जिले में सत्ता पक्ष के एक विधायक के व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। करैरा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रमेश खटीक द्वारा नरवर तहसील में आयोजित जनचौपाल के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब उन्होंने पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र से आए ग्रामीणों की समस्याएं सुनने से साफ इनकार कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, नरवर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में आयोजित जनचौपाल में विधायक अपने क्षेत्र के लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान पोहरी विधानसभा क्षेत्र के नानकपुर और बरखाड़ी गांव से आए ग्रामीण पेयजल और बिजली की समस्या को लेकर आवेदन देने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विधायक ने आवेदन देखते ही कहा कि संबंधित लोग उनके विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, इसलिए उनकी सुनवाई नहीं की जा सकती और उन्हें अपने क्षेत्र के विधायक के पास जाना चाहिए।
विधायक के इस रुख से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों का कहना था कि वे राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में उनके पास अपनी समस्या लेकर आए हैं, इसलिए उनकी बात सुनी जानी चाहिए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई।
जब समस्या के समाधान की कोई उम्मीद नहीं दिखी, तो एक आक्रोशित ग्रामीण ने विरोध जताने के लिए अपने 3-4 साल के मासूम बच्चे को विधायक की खड़ी कार के बोनट पर लिटा दिया और नाराजगी जताई। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विवाद की जड़ पड़ोसी पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को ‘वोटर नहीं होने’ का हवाला देकर सुनवाई से इनकार करना रहा। ग्रामीण लंबे समय से अपने गांवों में बिजली और पानी की समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और इसे लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button