पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सक्रिय वाहन चोर गिरफ्तार, 4 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद, 4 मामले सुलझे

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
पूर्वी दिल्ली। राजधानी में वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से ईस्ट डिस्ट्रिक्ट और साउथ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के कुल 4 मोटर व्हीकल थेफ्ट (MVT) मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और अन्य सड़क अपराधों पर नियंत्रण के लिए AATS की टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार चेकिंग, निगरानी और खुफिया जानकारी एकत्र की जा रही थी। यह पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशन पवन कुमार के निर्देशन और इंस्पेक्टर आनंद सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई विक्रम सिंह, एसआई संदीप, एसआई देवेंद्र, एएसआई राजीव कुमार, एएसआई सत्यवीर सिंह, एएसआई प्रवीण, एएसआई मुनींदर सिंह, हेड कांस्टेबल विक्रांत, हेड कांस्टेबल अश्विनी और कांस्टेबल मनीष शामिल थे।
06 जुलाई 2026 को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक वाहन चोर चोरी की मोटरसाइकिल के साथ खिचड़ीपुर इलाके से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को हिरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
जांच में पता चला कि बरामद मोटरसाइकिल थाना पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया से चोरी की गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की और पुलिस को अन्य चोरी के वाहनों के ठिकानों तक ले गया। उसके निशानदेही पर तीन और चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ये वाहन थाना कल्याणपुरी, पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया और शाहीन बाग क्षेत्र से चोरी किए गए थे। आरोपी के खिलाफ थाना कल्याणपुरी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी के वाहनों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर (24 वर्ष), निवासी खिचड़ीपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने जिन मामलों का खुलासा किया है, उनमें थाना कल्याणपुरी, पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया और शाहीन बाग में दर्ज चार अलग-अलग वाहन चोरी के मामले शामिल हैं। बरामद वाहनों में हिरो स्प्लेंडर और हिरो स्कूटी सहित कुल चार दोपहिया वाहन शामिल हैं। ईस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।




