फतेहपुर में खौफनाक वारदात: पत्नी ने पति को बांधकर करंट लगाया, हालत नाजुक

यूपी के फतेहपुर में एक महिला ने पति को चारपाई से बांधकर करंट लगाकर मारने की कोशिश की। आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी लोग पहुंचे तो युवक चारपाई से बंधा हुआ मिला।

एआई फोटो

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद के दौरान पत्नी द्वारा पति पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि महिला ने पहले डंडे से पति का सिर फोड़ा, फिर उसे चारपाई से बांधकर करंट लगाकर मारने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज कानपुर में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी, जो हलवाई का काम करता है, रविवार रात नशे की हालत में घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसका पत्नी रन्नो देवी से विवाद हो गया।
रात करीब 11 बजे घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। संजीव तिवारी चारपाई पर रस्सियों से बंधा हुआ बेहोशी की हालत में पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था और हाथ-पैरों में बिजली के तार बंधे हुए थे। शरीर के कई हिस्सों पर झुलसने के निशान भी मिले।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले डंडे से हमला कर पति को घायल किया, इसके बाद उसे बांधकर बिजली का करंट लगाकर हत्या का प्रयास किया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button