उत्तर-पूर्वी जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, पांच आरोपी गिरफ्तार

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान ‘अभियान शुद्ध प्रहार’ चलाया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई पांच अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, बीयर, नकदी और एक वाहन बरामद किया है। इस दौरान कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 27,208 क्वार्टर बोतल अवैध शराब (करीब 4897.44 लीटर), 720 बीयर कैन, ₹42,070 नकद राशि तथा एक स्कूटी बरामद की गई। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लाई नेटवर्क और मनी ट्रेल की जांच में जुटी है।
सोनिया विहार थाना क्षेत्र में बड़ी बरामदगी
सोनिया विहार थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स स्क्वॉड ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15,848 क्वार्टर बोतल अवैध शराब और 720 बीयर कैन बरामद किए। इस मामले में हिमांशु कश्यप (23) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अवैध शराब की सप्लाई के स्रोत के बारे में जानकारी दी है, जिसकी जांच जारी है।
भजनपुरा में 11 हजार से अधिक बोतलें जब्त
भजनपुरा थाना पुलिस ने एक स्कूटी सवार को पकड़कर 11,112 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद की। आरोपी सुरेंद्र रस्तोगी (31) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापा मारकर यह बड़ी खेप जब्त की।
वेलकम क्षेत्र में महिला तस्कर गिरफ्तार
वेलकम थाना पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 181 क्वार्टर बोतल अवैध शराब बरामद की। महिला के पास से पहले 42 बोतल मिलीं, बाद में उसके बताए स्थान से 139 और बोतलें बरामद की गईं।
खजूरी खास में नकदी समेत शराब बरामद
खजूरी खास थाना पुलिस ने छापेमारी के दौरान 28 क्वार्टर बोतल अवैध शराब और ₹42,070 नकद बरामद किए। इस मामले में संतराम (57) को गिरफ्तार किया गया है। बरामद नकदी को अवैध बिक्री से अर्जित माना जा रहा है।
नंद नगरी में एक आरोपी दबोचा गया
नंद नगरी थाना पुलिस ने फैयाज (26) नामक आरोपी को 39 क्वार्टर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, सप्लाई चेन, परिवहन व्यवस्था और डिजिटल लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button