दिल्ली में हर शनिवार ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ शुरू, पुलिस स्टेशनों में सीधे सुनी जाएंगी शिकायतें

दिल्ली के उप-राज्यपाल (एलजी) के निर्देश पर हर शनिवार थानों में "थाना दिवस-जन सुनवाई" आयोजित होगी, जहाँ सीनियर अफसर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याओं का ऑन-स्पॉट समाधान करेंगे।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अब नागरिकों के लिए अपनी शिकायतों का समाधान पाना और भी आसान होने जा रहा है। उपराज्यपाल के निर्देशों के अनुपालन में दिल्ली पुलिस ने सभी थानों में ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तहत आम लोग सीधे पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह जन सुनवाई कार्यक्रम अगले सप्ताह से प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने, सुझाव देने, मदद लेने और जन-सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर खुलकर संवाद करने का अवसर प्रदान करना है।
पुलिस के अनुसार इस पहल के तहत स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी, एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारी बारी-बारी से जन सुनवाई में मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। जन सुनवाई के दौरान प्राप्त सभी शिकायतों को स्वीकार किया जाएगा, चाहे वे पहले से सिस्टम में दर्ज हों या नहीं, और बाद में उन्हें आईसीएमएस पर अपलोड किया जाएगा।
दिल्ली पुलिस आयुक्त द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में शिकायतों की तय समय सीमा में जांच और समाधान, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और थानों में नागरिक-अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। इसके लिए एसएचओ, एसीपी और जिला डीसीपी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया गया है। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लेने की चेतावनी भी दी गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से पुलिस और जनता के बीच संवाद बेहतर होगा तथा शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button