पुलिस की वर्दी में डकैती डालने वाला गिरोह दबोचा, दूसरे राज्यों में वारदात कर दिल्ली-एनसीआर में छिप जाते थे शातिर

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पुलिस की वर्दी पहनकर डकैती डालने वाले गिरोह के तीन वांछित बदमाशों को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। इन पर 75 हजार रुपये का इनाम था और इनके पास से हथियार व चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।

नई दिल्ली। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस की वर्दी पहनकर व्यवसायी के घर डकैती डालने वाले गिरोह के तीन वांछित बदमाशों को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विभिन्न राज्यों में अपराध करने के बाद दिल्ली समेत एनसीआर में छिप जाते थे। इनकी गिरफ्तारी पर राजस्थान पुलिस ने 75 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाहदरा के गुलशन सिंह, संजय उर्फ रोहित और गाजियाबाद के संजीव उर्फ सौरव उर्फ ध्रुव के रूप में हुई है। इनके कब्जे से तीन पिस्टल, छह कारतूस और चाेरी की स्कूटी बरामद हुई है।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, बीते वर्ष 18 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे पांच-छह अज्ञात हथियारबंद हमलावर पुलिस की वर्दी पहनकर और लाल बत्ती लगी पुलिस जिप्सी में सवार होकर श्रीगंगानगर के एक व्यवसायी के घर में घुसे।
आरोपितों ने शिकायतकर्ता और उनके परिवार के सदस्यों को बंदूक की नोक पर धमकाया और अलमारी व घर के अन्य हिस्सों की तलाशी लेने लगे। घटना के दौरान, शिकायतकर्ता छत पर पहुंचने में कामयाब रहा और शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी।
शोर सुनकर आरोपित मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार होगगए। इसके बाद श्रीगंगानगर जिले के पुलिस थाने केसरी सिंहपुरा में एफआइआर दर्ज की गई। जांच के दौरान, इस मामले में मुख्य आरोपित के तौर पर बलजिंदर और गुलशन के नाम सामने आए, जिन्हाेंने डकैती डालने की साजिश रची थी।
जांच के दौरान पता चला कि यह गिरोह दूसरे राज्यों में वारदात के बाद दिल्ली समेत एनसीआर में छिप जाते थे और लूट, झपटमारी, जबरन वसूली और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल गतिविधियां जारी रखते थे। इसी को देखते हुए वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। जांच के दौरान चार जून को इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार को आरोपितों के ठिकाने के बारे में गुप्त जानकारी मिली।
जानकारी से पता चला कि गिरोह के सदस्य उसी दिन दिल्ली के शाहदरा इलाके में मानसरोवर पार्क स्थित अपने घरों पर आने वाले थे। सूचना पर एसीपी भगवती प्रसाद की देखरेख में और इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। छापेमारी कर सबसे पहले गुलशन सिंह को शाहदरा के मानसरोवर पार्क से पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर उसके साथी संजीव को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि राजस्थान में डकैती डालने के बाद उन्होंने अवैध हथियार द्वारका इलाके में छावला नाले के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी में छिपा दिए थे। उनकी बताई जानकारी के आधार पर, छावला में सड़क किनारे नाले के पास खड़ी एक स्कूटी बरामद की गई, जिसमें हथियार बरामद हुए। उनकी निशानदेही पर अन्य साथी संजय को नजफगढ़ इलाके से पकड़ा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button