‘रोको और टोको’ अभियान में जीटीबी एन्क्लेव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच चोरी के मामलों का खुलासा
जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस की क्रैक टीम ने ‘रोको और टोको’ अभियान के तहत 25 अगस्त को गश्त के दौरान संदिग्ध अरशद (35) को पकड़ा। तलाशी में दो बैटरियां मिलीं। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर तीन और बैटरियां बरामद हुईं। जांच में पांचों बैटरियों का संबंध जीटीबी एन्क्लेव क्षेत्र में दर्ज पांच अलग-अलग चोरी के मामलों से मिला।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस के ‘रोको और टोको’ अभियान के तहत जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस की क्रैक टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की पांच बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना जीटीबी एन्क्लेव के एसएचओ इंस्पेक्टर बृजेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व तथा शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा के निर्देशन एवं देखरेख में इलाके में लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य सड़क पर होने वाले अपराधों की रोकथाम के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है।
25 अगस्त 2026 को सहायक उपनिरीक्षक करमवीर और हेड कांस्टेबल रोहित इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में और हड़बड़ी में जाते देखा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अरशद (35) बताया। पुलिस के मुताबिक वह मूल रूप से सहवाजपुर मोहल्ला, बदायूं, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में वजीराबाद, दिल्ली में रह रहा था।
तलाशी के दौरान अरशद के पास से दो बैटरियां बरामद हुईं। बैटरियों के संबंध में पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस की सख्ती से पूछताछ में उसने बरामद बैटरियों के चोरी की होने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन और बैटरियां बरामद कीं। इस तरह कुल पांच बैटरियां बरामद हुईं।
पुलिस टीम ने बरामद बैटरियों के विवरण का थाना जीटीबी एन्क्लेव क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से मिलान किया। जांच में पांचों बैटरियों का संबंध चोरी के पांच अलग-अलग मामलों से पाया गया। इसके बाद पुलिस ने इन सभी मामलों का खुलासा कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते की गई कार्रवाई और सतर्क गश्त से न केवल संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, बल्कि चोरी की पांच घटनाओं का भी पर्दाफाश हुआ। पुलिस का कहना है कि ‘रोको और टोको’ अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान शुरुआती स्तर पर ही कर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




