रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर/एजेंसी। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और अवैध बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ 72 घंटे तक चले विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान कोलकाता, हरियाणा सहित कई राज्यों में फैले संगठित सट्टा पैनल नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने कुल पांच बड़े पैनल नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार यह अभियान पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में एसीसीयू टीम द्वारा चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, तिल्दा नेवरा और तेलीबांधा थाना क्षेत्र समेत विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में बैठकर संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद से अब तक ऑनलाइन सट्टा मामलों में 100 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि आईपीएल सीजन के दौरान 13 बड़े सट्टा नेटवर्क को ध्वस्त किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की चल और अचल संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 17 लाख रुपये से अधिक नकदी और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा अब तक की कार्रवाई में लगभग 4.29 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की जा चुकी है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी LOTUS365, Goldenexch, LION4, BETONLY99, NASEEB7777, UNCLEBET9, POWEREXCH, Gold777, Silverbet777, jmdbet777 सहित कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहे थे।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह अलग-अलग ग्रुपों में काम करता था, जिनमें मंजीत सिंह-मोहित सोमानी ग्रुप, बाबू खेमानी ग्रुप, नमन जग्गी-अमित जंघेल ग्रुप और सोनू फतनानी ग्रुप समेत अन्य संगठित गिरोह शामिल हैं। 72 घंटे के ऑपरेशन के दौरान कोलकाता और गुरुग्राम में छापेमारी कर 14 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि नागपुर और अन्य शहरों से भी कई लोगों को पकड़ा गया।
जांच में यह भी सामने आया कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के एक पुराने मामले की पड़ताल के दौरान इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी रायगढ़ निवासी अमन नत्थानी और उसके सहयोगी विभिन्न राज्यों में पैनल संचालित कर रहे थे। आरोपी बैंक खातों, एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक के माध्यम से लेनदेन करते थे।
न्यू राजेंद्र नगर और मौदहापारा क्षेत्रों से भी कई आरोपियों को पकड़ा गया, जहां से ऑनलाइन पैनल संचालन और आईडी वितरण की जानकारी मिली। तिल्दा नेवरा क्षेत्र में “NASEEB बुक” नामक पैनल के संचालन का भी खुलासा हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी गोवा सहित अन्य स्थानों से पैनल चला रहे थे और स्थानीय एजेंटों के जरिए धन संग्रह कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बालोद, झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं। यह अभियान पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के निर्देशन में चलाया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी या साइबर जुआ की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।




