दीपावली पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जवानों को बांटी मिठाई
दीपावली के अवसर पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उन्हें मिठाई बांटी। इस दौरान उन्होंने जवानों का उत्साह बढ़ाया और त्योहार के दौरान सतर्कता एवं सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए।

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड
नई दिल्ली। दीपावली के अवसर पर राजधानी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को परखने के लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने 8 नवंबर 2026 को शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर मुस्तैद जवानों को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस कमिश्नर ने पुलिस पिकेट, पीसीआर वैन और यातायात चौराहों सहित विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने त्योहार के दौरान अपने परिवार से दूर रहकर जिम्मेदारी निभा रहे जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को सुरक्षित माहौल में दीपावली मनाने का अवसर मिले, इसके लिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने राजधानीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि लोग त्योहार को पूरे उल्लास और खुशियों के साथ मनाएं, लेकिन सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के जवान यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं कि नागरिक शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें।
पुलिस कमिश्नर ने पटाखे जलाने के संबंध में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल और उन्हें जलाने के लिए निर्धारित समय-सीमा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की असुविधा या सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के उन जवानों की भी सराहना की, जो पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी सुरक्षा बलों का साझा प्रयास है कि राजधानी के लोग बिना किसी भय और परेशानी के दीपावली मना सकें।
दौरे के दौरान पुलिस कमिश्नर ने साउथ एक्सटेंशन, ओबेरॉय फ्लाईओवर, भारत मंडपम, लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन, शांतिवन, मॉडल टाउन और राजौरी गार्डन सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उनके साथ विशेष पुलिस कमिश्नर (कानून एवं व्यवस्था), संयुक्त पुलिस कमिश्नर (ओएसडी), विभिन्न रेंजों के संयुक्त पुलिस कमिश्नर, जिला पुलिस उपायुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहे।




