वाराणसी में दरोगा जी की ही बाइक उड़ा ले गए चोर!, शर्मिंदगी छिपाते रहे मामला,चार दिन बाद अपने ही थाने में दर्ज कराई एफआईआर

वाराणसी में दरोगा साहब की बाइक चोरों ने पार कर दी। पहले तो दरोगा साहब खुद ही बाइक खोजते रही, जब बाइक नहीं मिली तो थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

जंसा थाना

वाराणसी,उत्तर प्रदेश। दीपावली के दौरान शहर में भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटे कमिश्नरेट पुलिस के एक उपनिरीक्षक की बाइक ही चोरों ने पार कर दी। जंसा थाने में तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार की अपाचे बाइक उनके किराए के मकान के बाहर से चोरी हो गई। काफी तलाश के बाद भी बाइक का सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने घटना के चार दिन बाद अपने ही थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

मूल रूप से फतेहपुर के रहने वाले उपनिरीक्षक अजय कुमार जंसा थाना क्षेत्र के चौखंडी इलाके के भाऊपुर में किराए के मकान में रहते हैं। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दो नवंबर की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने आवास पहुंचे और अपनी अपाचे बाइक मकान के बाहर खड़ी कर दी। अगली सुबह जब उनकी नींद खुली तो बाइक गायब मिली। उन्होंने आसपास तलाश की और अपने स्तर पर भी बाइक का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

चार दिन तक बाइक की तलाश करने के बाद अजय कुमार ने जंसा थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। सात नवंबर को मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कराई।

थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह के मुताबिक, उपनिरीक्षक की निजी अपाचे बाइक चोरी होने की सूचना पर मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी और बाइक बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button