यूपी के गोरखपुर का ऐसा रेस्टोरेंट जहां ‘रोबो दीदी’ आपकी टेबल तक पहुंचाएगी खाना, गुड मॉर्निग बोलकर करेगी वेलकम

गोरखपुर के रामगढ़ताल स्थित 'साओ' रेस्तरां में 'रोबो दीदी' नामक रोबोट वेटर ग्राहकों को खाना परोस रहा है। यह तकनीक और आतिथ्य का अनूठा संगम है।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। शहर अब धीरे-धीरे आधुनिक खानपान संस्कृति की ओर बढ़ रहा है। रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित रेस्तरां ‘साओ’ में ग्राहकों को अब इंसानी वेटर के साथ-साथ रोबोट वेटर भी सेवा देता नजर आ रहा है। यहां ‘रोबो दीदी’ नाम का रोबोट ग्राहकों की टेबल तक खाना पहुंचा रहा है। तकनीक और आतिथ्य का यह नया प्रयोग लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। खासकर बच्चे और युवा इसे लेकर काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। तकनीक के इस नए दौर में गोरक्षनगरी का यह प्रयोग बता रहा है कि अब भोजन केवल स्वाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि उसमें आधुनिकता और अनुभव का नया तड़का भी जुड़ चुका है।
रेस्तरां संचालक निखिल का कहना है कि उन्होंने यह रोबोट हैदराबाद से मंगवाया है। इसका विचार उन्हें चंडीगढ़ के एक आधुनिक रेस्तरां को देखने के बाद आया। उनका मानना है कि बदलते समय के साथ खानपान व्यवसाय में भी नई तकनीक को अपनाना जरूरी हो गया है। यही वजह है कि उन्होंने ग्राहकों को अलग अनुभव देने के उद्देश्य से रोबोट वेटर की शुरुआत की। फिलहाल यह रोबोट पूरी तरह स्वचालित नहीं है। रेस्तरां का एक कर्मचारी टैबलेट के माध्यम से इसे नियंत्रित करता है। किचन के पास खड़े कर्मचारी रोबोट की दो मंजिला ट्रे में ग्राहकों का ऑर्डर रखते हैं। इसके बाद टैबलेट से संबंधित टेबल का निर्देश दिया जाता है और रोबोट भोजन लेकर वहां तक पहुंच जाता है। ग्राहक अपनी सीट पर बैठे-बैठे भोजन प्राप्त कर लेते हैं। हालांकि अभी ग्राहकों को ट्रे से खाना स्वयं उठाना पड़ता है।
करीब 12 टेबल वाले इस रेस्तरां में रोबोट की आवाजाही लोगों के लिए आकर्षण का विषय बन गई है। भोजन परोसने के साथ-साथ ‘रोबो दीदी’ ग्राहकों का अभिवादन भी करती है। यह ‘गुड मॉर्निंग’, ‘गुड इवनिंग’ जैसे संदेश बोलती है और जन्मदिन व विवाह वर्षगांठ जैसी शुभकामनाएं भी देती है। हाल ही में मदर्स डे के अवसर पर यह ग्राहकों को मातृ दिवस की बधाई देती भी सुनाई दी। रेस्तरां प्रबंधन अब इसे पूरी तरह स्वचालित बनाने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए फर्श पर विशेष सेंसर और मार्गदर्शक लाइन लगाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे रोबोट बिना किसी कर्मचारी की सहायता के तय टेबल तक खुद पहुंच सकेगा। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से इस दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। आर्किटेक्ट आशीष श्रीवास्तव मानते हैं कि आने वाले समय में होटल और रेस्तरां उद्योग में रोबोट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सेवाओं का उपयोग तेजी से बढ़ेगा। इससे न केवल सेवा की गति बढ़ेगी, बल्कि ग्राहकों को नया अनुभव भी मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button