मुंबई में 18वें न्यूज़मेकर्स अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 का हुआ आयोजन, कला, मीडिया व सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों का किया सम्मान

मुंबई ब्यूरो। मुंबई में आयोजित 18वें न्यूज़मेकर्स अचीवर्स अवॉर्ड्स 2026 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। इस समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का आयोजन वैदेही तामन (आफ्टरनून वॉयस) द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य चर्चित हस्तियों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले परिवर्तनकर्ताओं को भी सम्मानित करना है।
इस वर्ष लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए उषा मंगेशकर, हरिहरन, संजेव कपूर, सुषमा देशपांडे और राही भिड़े को चुना गया। टेलीविजन क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिलीप जोशी को मिला, जबकि रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अतुल तिवारी को सम्मानित किया गया।
वेलनेस कोच के रूप में पूजा बेदी को सम्मान दिया गया। खेल जगत में हॉकी के क्षेत्र में योगदान के लिए देविंदर वाल्मीकि को पुरस्कृत किया गया। वहीं, ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट और नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए कृष्णा मोहिनी को सम्मानित किया गया।
यह आयोजन केवल लोकप्रियता नहीं बल्कि समर्पण, ईमानदारी और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले कार्यों को महत्व देने के लिए जाना जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शिक्षा, स्वास्थ्य, कला, मीडिया और व्यवसाय जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को मंच प्रदान कर उनके प्रयासों को सराहा गया।




