एक ही परिवार के 5 भाइयों की एक साथ शादी, बारात लेकर खुद पहुंचीं दुल्हनें!

चकराता के खरासी गांव में रहने वाले ठेकेदार दौलत सिंह चौहान ने अपने परिवार के पांच बेटों की शादी एक साथ की है।

देहरादून/एजेंसी। उत्‍तराखंड में चकराता के खरासी गांव के लोग एक अनोखे विवाह का साक्षी बने हैं। बुधवार को यहां एक परिवार के पांच भाइयों की शादी एक ही मंडप के नीचे हुई। इस शादी को देखने के लिए इलाके के लोगों की भीड़ जुट गई। ये सभी दूल्‍हे जौनसारी समाज के हैं। इसलिए इस समाज की परंपरा जोझोड़े के तहत पांचों दुल्‍हनें खुद बारात लेकर दूल्‍हों के घर पहुंचीं।
यह परंपरा पूरे इलाके में संयुक्‍त परिवार की एकता, सम्‍मान और सामंजस्‍य का प्रतीक मानी जाती है। साथ ही स्‍थानीय संस्‍कृति की झलक प्रस्‍तुत करती है। परिवार के पांचों भाई नरेंद्र, प्रदीप, प्रीतम, अमित और राहुल की शादी एक ही मंडप में हुई।
नरेंद्र का विवाह अन्‍नू से, प्रदीप का निक्‍की से, प्रीतम का पुनीता से, अमित का निर्मला से और राहुल की शादी आंचल के साथ हुई। इस मौके पर सभी दूल्‍हा और दुल्‍हन बेहद खुश नजर आएं। इस दौरान पूरे गांव में उत्‍सव जैसा माहौल रहा।
इस परिवार के एक बेटी प्रियंका की शादी भी रणवीर सिंह के साथ होनी है। अपने विवाह के बाद पांचों भाई बहन की शादी की तैयारियों में जुट गए हैं। इलाके के लोग इस पूरे आयोजन की जमकर तारीफ कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में यह विवाह सामाजिक रूप से परिवार की एकजुटता के लिए चर्चा में है।
स्‍थानीय भाषा में यहां दुल्‍हनों को जोझोल्‍टी कहा जाता है। पांचों दुल्‍हनें एक साथ अपने ससुराल खारसी पहुंची तो उनको देखने वालों का तांता लग गया। खारसी गांव के दौलत सिंह चौहान ने अपने बच्‍चों की सामूहिक शादी कर इतिहास बना दिया। दौलत सिंह चौहान इलाके में ठेकेदार का काम करते हैं और संयुक्‍त परिवार के मुखिया भी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button