अलीगढ़ में सीवर लाइन लीकेज सही करते समय मजदूर के ऊपर गिरी मिट्टी, दबने से मौत

यूपी के अलीगढ़ जिले में सीवर लाइन सही करते समय मिट्टी की ढाय मजदूर के ऊपर गिर गई। मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत हो गई।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। जहां सीवर पाइप लाइन लीकेज को ठीक करते समय एक मजदूर के ऊपर मिट्टी गिर गई। जिसके नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं, जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाई गई और मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। यह खौफनाक हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जोकि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण से पहले सीवर पाइप लाइन लीकेज ठीक करने का कार्य कराया जा रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, अलीगढ़ शहर में रेलवे रोड पर अप्सरा टाकीज के पास शनिवार को जलकल विभाग द्वारा सीवर पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इस दौरान सड़क किनारे 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें मजदूर को मरमत के लिए उतारा गया, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी की एक बड़ी ढाय भरभरा कर मजदूर के ऊपर गिर गई। इस दौरान पल भर भी मजदूर को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मिट्टी के नीचे दब गया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। अन्य मजदूरों ने मिट्टी को हटाने की कोशिश कर उसके नीचे दबे मजदूर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन भारी भरकम मिट्टी को हटाने में असफल रहे।
आनन फानन में मौके पर मौजूद जेसीबी मशीन को मिट्ठी हटाने के कार्य में लगाया गया। जेसीबी मशीन से मिट्टी को हटाकर मजदूर को बाहर निकाला गया। साथी कर्मचारी घायल हालत में मजदूर को मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मजदूर महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मिट्टी के भारी दबाव के कारण मजदूर की दम घुटने से मौत हो गई। इस हादसे को लेकर नगर आयुक्त ने मामले की रिपोर्ट तलब की है और मृतक के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि मिट्टी की एक बड़ी लेयर मजदूर के ऊपर गिरी और उसकी मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button