सुल्तानपुर में युवक से मारपीट, लगवाए ‘जय श्री राम’ के नारे; वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

सुल्तानपुर/उत्तर प्रदेश। सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। प्रतापगढ़ निवासी युवक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसे और उसके रिश्तेदार को रास्ते में रोककर जबरन धार्मिक नारे लगाने के लिए मजबूर किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित आफताब आलम, पुत्र मोहम्मद जमील, निवासी रायगंज थाना देवसरा, प्रतापगढ़, अपने रिश्तेदार मोहम्मद जीशान के साथ सुल्तानपुर आए थे। आरोप है कि ढकवा बाजार की ओर जाते समय कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और दबाव बनाकर नारे लगवाए।
पीड़ित के अनुसार, भय के कारण उन्होंने नारे लगाए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पास मौजूद ड्रिल मशीन और करीब 25 हजार रुपये नकद भी छीन लिए।
आफताब आलम ने वायरल वीडियो और अन्य जानकारी के आधार पर सक्षम पांडेय, कमल, चंदन और सूरज राजा सहित कुछ अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित काफी भयभीत रहा और 11 जून को परिजनों को जानकारी देने के बाद चांदा कोतवाली पहुंचकर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
मामले में क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना स्थल थाना चांदा क्षेत्र के परमापुर गांव का पाया गया है। उन्होंने बताया कि दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




