‘देश की रक्षा में जुटें या परिवार की सुरक्षा करें’, सीआरपीएफ जवान ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लगाई गुहार
कानपुर के रहने वाले सीआरपीएफ जवान के वीडियो पर चर्चा शुरू हो गई है। सीआरपीएफ जवान ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है, ताकि वह देश की रक्षा में लगा रहे।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सीआरपीएफ जवान ने प्रशासन से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए वीडियो वायरल किया है। जवान का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला हिस्ट्रीशीटर घर की महिलाओं से दबंगई करता है। रात के वक्त नशे की हालत में उनके घर और दरवाजे पर पथराव करता है। पिछले सोमवार को सीआरपीएफ जवान की मां और पत्नी पर पथराव कर गाली-गलौच की थी। इस दौरान बुरी नीयत से बाउंड्री फांद कर घर के अंदर घुसने की कोशिश की थी।
सीआरपीएफ जवान ने वीडियो वायरल कर कहा कि मैं तो देश की रक्षा में तैनात हूं, लेकिन मेरे परिवार सुरक्षा राम भरोसे है। कानून व्यवस्था संभालने की जिनकी जिम्मेदारी है, उन पर भी अब भरोसा नहीं रहा है। हिस्ट्रीशीटर तमंचा लेकर घूम रहा है। मेरा परिवार डर और दहशत में सहमा है। सीआरपीएफ जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जांच शुरू की गई है।
सीआरपीएफ जवान की मार्मिक अपील ने हर किसी को हैरान कर दिया। इसमें वह कहता दिखता है- बताइए, मैं देश की रक्षा करूं या अपने परिवार की सुरक्षा। बुधवार को सीआरपीएफ जवान ने सोशल मीडिया पर भावुक अपील कर न्याय और परिवार की सुरक्षा की मांग की। दरअसल, महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित सरसौल निवासी मनीष कुमार सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात हैं। घर पर पत्नी मोनिका, बुजुर्ग मां और बेटा रहता है। मनीष ने बताया कि पड़ोसी हिस्ट्रीशीटर गोल्डन वर्मा आए दिन पत्नी और मां को परेशान करता है।
हिस्ट्रीशीटर ने सोमवार की रात घर पर सीआरपीएफ जवान की पत्नी और मां से अभद्रता और गाली-गलौच की। जान से मारने की नीयत से पथराव किया। पहले भी धमका चुका है। लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी चकेरी पीड़ित के घर पहुंचे। जवान की मां और पत्नी से घटना की जानकारी जुटाई और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। आरोपी और पीड़ित चचेरे भाई हैं। जवान की पत्नी की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।




