सीलमपुर में पत्नी की हत्या का मामला सुलझा, आरोपी पति गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली। सीलमपुर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 की सुबह सूचना मिली थी कि गौतमपुरी इलाके में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर हमला कर फरार हो गया है।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक 35 वर्षीय महिला को मृत अवस्था में पाया। महिला को जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले में थाना सीलमपुर में एफआईआर संख्या 231/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक नरपाल सिंह यादव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई सुधांशु, हेड कांस्टेबल नवनीश, मनीष, कृष्ण, रोकी और कांस्टेबल सचिन शामिल थे। टीम ने विभिन्न स्रोतों से साक्ष्य जुटाते हुए जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दाऊद इशाक खान (36) निवासी गौतमपुरी के रूप में हुई, जो मृतका का पति है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान उसने मिनी हथौड़े से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मिनी हथौड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के साथ मामला सुलझा लिया गया है तथा आगे की जांच जारी है।




