शिमला से दिल्ली और धर्मशाला के लिए हवाई सेवा शुरू, 10 मई से उड़ेगी एलायंस एयर की फ्लाइट
एलायंस एयर ने नई दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला हवाई सेवाओं का विस्तृत शेड्यूल और किराया जारी कर दिया है। ये उड़ानें 10 और 11 मई से शुरू होंगी, जिससे सात महीने बाद हवाई संपर्क बहाल होगा।

शिमला/एजेंसी। नई दिल्ली-शिमला व शिमला-धर्मशाला के बीच हवाई सेवा की समय सारिणी जारी हो गई है। रविवार को फ्लाइट के शेड्यूल के अनुसार नई दिल्ली से अलायंस एअर की फ्लाइट सुबह 6.20 बजे रवाना होगी और सुबह 7.35 बजे शिमला के जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके अलावा शिमला से यह फ्लाइट सुबह 8 बजे रवाना होगी और सुबह 9.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। सोमवार यानी कि 11 मई को नई दिल्ली से फ्लाइट सुबह 7.20 बजे रवाना होगी और सुबह 8.35 बजे शिमला पहुंचेगी, जबकि शिमला से यह फ्लाइट सुबह 11.30 बजे रवाना होगी और 12.40 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। शिमला व नई दिल्ली पहुंचने में 1 घंटा 10 मिनट लगेगा जबकि नई दिल्ली से शिमला 1 घंटा 15 मिनट लगेगा।
शिमला-धर्मशाला के बीच फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन चलेगी
प्रत्येक दिन का शेड्यूल अलायंस एअर ने अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। नई दिल्ली व शिमला के बीच सप्ताह में 6 दिन चलेगी। मंगलवार को शिमला-नई दिल्ली के बीच फ्लाइट नहीं चलेगी। इसके अलावा शिमला-धर्मशाला के बीच फ्लाइट सप्ताह में 5 दिन चलेगी। इस रूट पर रविवार व मंगलवार को छोड़कर शेष दिन हवाई सेवाएं जारी रहेंगी।
11 मई को शिमला से फ्लाइट सुबह 9 बजे रवाना होगी और सुबह 9.50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी, जबकि धर्मशाला से फ्लाइट सुबह 10.15 बजे रवाना होगी और सुबह 11.05 बजे शिमला पहुंचेगी। इस रूट के लिए भी प्रत्येक दिन का शेड्यूल अलायंस एअर ने अपनी वेबसाइट पर अपडेट कर दी है। धर्मशाला से शिमला पहुंचने में मात्र 50 मिनट लगेंगे।
प्रति व्यक्ति 4698 रुपये किराया
7 माह से अधिक समय के बाद बहाल हो रही हवाई सेवाओं के चलते शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। शिमला से नई दिल्ली के लिए फ्लाइट का किराया कुछ सीटों के लिए प्रति व्यक्ति 7483 रुपए रखा गया है, जबकि अन्य सीटों का किराया 18298 रुपए और 27118 रुपए है। इसके अलावा शिमला से धर्मशाला के लिए फ्लाइट का किराया कुछ सीटों के लिए प्रति व्यक्ति 4698 रुपए रखा गया है, जबकि अन्य सीटों का किराया 13098 रुपए और 18348 रुपए है।
शिमला स्थित जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के निदेशक सतीश कुमार ने बताया कि रविवार यानी कि 10 मई से शिमला-नई दिल्ली के बीच हवाई सेवाएं शुरू हो रही है। इसके अलावा शिमला-धर्मशाला के बीच भी तय शैड्यूल के अनुसार हवाई सेवाएं संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि शिमला पहुंचने पर फ्लाइट का वाटर कैनन से स्वागत होगा। इसके अलावा यात्रियों का स्वागत होगा।




