गाजियाबाद में 50 साल की अकेली महिला ने दो बदमाशों को वाइपर से पीटकर 7 लाख की बचाई संपत्ति

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के डासना में घर में चोरी करने घुसे दो नकाबपोश बदमाशों से एक महिला अकेली ही निहत्थे भिड़ गई। इस दौरान घर में रखा वाइपर महिला के हाथ लग गया। महिला ने चोरों पर वाइपर बरसा दिए। इस दौरान बदमाश बार-बार जान से मारने की धमकी देकर महिला से खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बदमाशों के हाथ से महिला ने संदूक छीन लिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला का सिर दीवार में मार दिया। महिला घायल हो गई। बदमाश महिला को धक्का देने के बाद संदूक छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में शिकायत की है।
डासना के वार्ड नंबर चार बड़ा बाजार में यामीन का घर है। मंगलवार को यामीन का परिवार दोपहर ढाई बजे शादी में गया था। इस दौरान घर में यामीन की 50 वर्षीय पत्नी शायरा घर पर थी। इस दौरान वह बंदरों को भगाने के लिए मकान की छत पर चली गईं। तभी दो बदमाश उनके मकान में घुस गए। चोरों ने पूरा मकान खंगाल लिया। बदमाशों ने घर में रखे संदूक का ताला तोड़ने की कोशिश की। ताला नहीं टूटने पर वह पूरे संदूक काे उठाकर ले जाने लगे। तभी महिला छत से नीचे आई तो उन्होंने नकाबपोश बदमाशों को देखा। इस पर महिला उनसे भीड़ गई। महिला की उनके साथ हाथापाई हुई।
वहीं, बदमाश संदूक को ले जाने के लिए खींच रहे थे। महिला ने संदूक पकड़ लिया और उन्हें भागने नहीं दिया। महिला ने शोर मचा दिया। बदमाशों ने खुद के पकड़े जाने के डर से संदूक छोड़ दिया। उन्होंने महिला को धक्का देकर भाग गए। महिला के पैर और सिर में चोट आई है। हालांकि, बदमाश 30 हजार रुपये चोरी करके ले गए। यदि बदमाश संदूक ले जाने में सफल हो जाते तो बड़ी चोरी की घटना हो जाती। संदूक में दो लाख रुपये और पांच लाख रुपये की ज्वेलरी थी। महिला ने बताया कि दोनों बदमाशों की आयु लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले शुक्रवार को भी डासना में पुलिया के पास एक मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर करीब 5500 रुपये और मोबाइल चोरी कर लिए गए थे। जिसका अभी तक पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।




