‘सांड की आंख’ फेम सीनियर निशानेबाज प्रकाशी तोमर की नाक की नस फटी, नोएडा के अस्पताल में भर्ती

बागपत/उत्तर प्रदेश। बागपत की रहने वाली सीनियर निशानेबाज प्रकाशी तोमर बीमार हो गई हैं। उनकी नाक की नस फटने का मामला सामने आया है। इस कारण उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दादी प्रकाशी तोमर के अस्वस्थ होने की सूचना पर उनके प्रशंसकों की चिंता बढ़ गई है। जौहड़ी गांव में वयोवृद्ध महिला निशानेबाज की हालत रविवार सुबह अचानक खराब हो गई। उस समय प्रकाशी तोमर घर के कामकाज निपटा रही थीं।
मामले में सामने आया है कि प्रकाशी तोमर के नाक की नस फट गई। इससे वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी हालत देख परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिजन उन्हें लेकर तत्काल बागपत जिले के बड़ौत अस्पताल पहुंचे। वहां से उन्हें नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया है। जिले के निशानेवाजी का प्रशिक्षण ले शूटर्स और प्रशंसकों ने उनके स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रकाशी तोमर की उम्र करीब 91 साल है। वह पहले भी बीमार हो चुकी हैं। 13 सितंबर 2023 को उन्हें सांस लेने में दिक्कत के बाद परिजनों ने तत्काल नोएडा के मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद वे ठीक हुईं। बाद में उन्हें तेज बुखार और बीपी डाउन होने जैसी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस बार भी उनका इलाज मेट्रो अस्पताल में ही चला था।
दादी प्रकाशी तोमर देश भर में चर्चित हैं। उनकी लोकप्रियता और जीवन के संघर्षों पर फिल्म ‘सांड की आंख’ भी बन चुकी है। इस फिल्म की शूटिंग जौहड़ी गांव में ही हुई थी। इस फिल्म में तापसी पन्नू और भूमि पेडनेरकर ने बुजुर्ग शॉर्प शूटर प्रकाशी तोमर और चंद्रो तोमर का किरदार निभाया था। शूटर दादी प्रकाशी ने 60 की उम्र में पिस्टल थामी थी। दादी ने एक डीआईजी को हरा गोल्ड जीत लिया था। उन्हें ढेरों सम्मान मिल चुके हैं।




