देवरिया में नाबालिग खून चूसवा गैंग! पहले बच्चों को दोस्त बनाते, फिर पैसे के बदले जबरिया खून निकलवाते

देवरिया/उत्तर प्रदेश। देवरिया में तमंचे की नोक पर जबरिया नाबालिग बच्चों का खून निकलवा कर बेचने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि खून चूसवा गैंग की सभी सदस्य भी नाबालिग हैं। गैंग के सदस्य अपनी उम्र के सीधे साधे बच्चों को दोस्त बनाते थे और फिर उनसे पैसा मांगते थे। पैसा न देने पर बच्चों की पिटाई करते और ब्लड बैंक में ले जाकर पैसे के बदले जबरिया खून निकलवाते थे। एक पीड़ित बच्चे ने यह बात जब अपने घर बताई तो उसके परिजन एसपी आफिस पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। देवरिया शहर के सिविल लाईन निवासी पीड़ित बच्चे की मां रीता देवी पत्नी राम पुकार यादव ने एसपी को दिए तहरीर में कहा है कि मेरा बेटा सत्यम( 15) कक्षा 7 का छात्र है। शहर के राजेंद्र चौक (उमानगर) निवासी कुछ अपराधिक किस्म के लड़को का एक गिरोह है, जो मादक पदार्थों का सेवन भी करते हैं।
दबंग लड़कों ने मेरे बेटे सत्यम को पिस्टल लगाकर डराया और फिर शहर के एक ब्लड बैंक पर ले जाकर उसका दो यूनिट ब्लड निकलवाया। इसके पहले भी वे वे लोग मेरे बेटे का ब्लड निकलवा चुके हैं। ब्लड निकलवाने के बाद उन मनबढ़ो ने मेरे बेटे को धमकी दी कि अगर इसकी जानकारी किसी को बताई तो तुम्हारे पूरे परिवार को गोली मार दी जाएगी।
पीड़ित बच्चा सत्यम यादव ने बताया कि आदित्य रावत, मारकंडे मिश्रा, आयुष सिंह और पीयूष पांडेय मिलकर मेरा ब्लड निकलवाते थे और मना करने पर गोली मारने की धमकी देते थे। इन लोगों ने हथियार दिखाकर और डरा कर एक महीने में दो बार मेरा ब्लड निकलवाया है। इन लोगों ने मुझे धमकी भी दी कि अगर घर बताओगे तो तुम्हारे पूरे परिवार को गोली मार देंगे।
शहर के उमानगर निवासी धनंजय सिंह ने भी इन मनबढ़ लड़कों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी है। धनंजय सिंह के मुताबिक इन मनबढ़ बच्चों का एक गैंग है। जो सीधे-साधे बच्चों को दोस्त बनाते हैं। दोस्त बनाने के बाद उनसे जबरदस्ती पैसा मांगते हैं। पैसा ना देने पर बच्चों की पिटाई करते हैं और पैसे के बदले खून देने की बात कहते हैं। विरोध करने पर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देते हैं और डराकर ब्लड बैंक पर ले जाकर खून निकलवा कर बेचते हैं। धनंजय सिंह के मुताबिक इस गिरोह के सदस्यों ने उनके बेटे को भी मारपीट कर जबरिया खून निकलवाया था।
देवरिया शहर में यह मामला आने के बाद हड़कंप मचा है। शहर वासी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित दिखाई दे रहे हैं। क्योंकि इस खून चूसवा गैंग के सदस्य छोटे बच्चों को ही निशाना बनाते हैं। गैंग के सभी सदस्य भी नबालिग हैं। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




