अयोध्या तक पहुंचा एलपीजी सिलेंडर का संकट! हर दिन 10000 लोगों की भूख मिटाने वाली राम रसोई अस्थाई तौर पर बंद

अयोध्या/उत्तर प्रदेश। ईरान, अमेरिका-इजरायल युद्ध का असर अब धीरे-धीरे घरेलू और वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों पर दिखाई देने लगा है। इसका असर देश भर में देखने को मिल रहा है। गैस लिए एजेंसियों पर भीड़ उमड़ रही है और लोग ब्लैक में सिलेंडर खरीदकर रख रहे हैं। यूपी के अयोध्या के मठ-मंदिरों में चलने वाले निशुल्क सामूहिक रसोइयों पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।
अयोध्या के अमावा मंदिर प्रशासन गैस नहीं होने के कारण ‘राम रसोई’ को फिलहाल स्थगित कर दिया और गेट पर एक नोटिस लगा दिया है। इस पर लिखा गया है कि अमेरिका-इजरायल व ईरान के बीच में चल रहे युद्ध के कारण रसोई गैस की किल्लत हो गई है। इस कारण से आपतकालीन स्थिति में आज की राम रसोई स्थगित की जाती है। राम रसोई में रोजाना 10 हजार लोग भोजन करते हैं।
अमावा मंदिर प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय युद्ध के तनाव से देश में गैस संकट की स्थिति पैदा हो गई है, जिसके कारण रसोई को समय से पहले बंद करना पड़ रहा है। यह तभी शुरू हो पाएगी, जब गैस की आपूर्ति सामान्य होगी। राम रसोई बंद होने से दूर-दूराज से आने वाले भक्तों को निशुल्क भोजन मिलना बंद हो गया है।
राम रसोई नियमित रोजाना शाम तीन बजे तक चलती है, लेकिन मंगलवार को इसको दो बजे ही बंद करना पड़ा। राम रसोई में भोजन पकाने में 35 से 50 सिलेंडर रोज लगते हैं। राम रसोई का संचालन पटना के महावीर मंदिर न्याय की ओर से किया जाता है।
चूल्हे पर पकने लगा भोजन, हनुमानगढ़ी में दुकानदार चिंतित
वहीं, हनुमान किला में लकड़ी के चूल्हे पर भोजन पकाया जा रहा है। हनुमानगढ़ी में लड्डू बनाने वाले दुकानदारों ने बताया कि पुराना स्टॉक खत्म हो गया है और गैस सिलेंडर की दिक्कत की वजह से लड्डू बनाने का उत्पादन लगभग ठप हो गया है। व्यापारियों और दुकानदारों का कहना है कि यही हालात रहे तो अयोध्या का प्रसिद्ध प्रसाद उद्योग पूरी तरह से बंद हो सकता है।




