गाजियाबाद में गोतस्करों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, मुठभेड़ के बाद 5 बदमाश दबोचे

गाजियाबाद। क्राॅसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोतस्करी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को पकड़ लिया। इनमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक मंगलवार देर रात साढ़े 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में बीते दिनों गोकशी की घटना को अंजाम देने वाला गिरोह फिर से सक्रिय हो गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने एबीईएस कट और चिपियाना अंडरपास के पास चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन उसमें सवार बदमाश कार मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मारुफ और अयान के पैर में गोली लग गई। वहीं उनके तीन साथी जोहिन, आलम और समीर को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो तमंचे, खोखा व कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में आरोपितों ने वेव सिटी और विजयनगर थानाक्षेत्र में भी गोकशी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button