ब्यावर के ऐतिहासिक मेले में गुलाल उड़ाते समय बादशाह को आया हार्ट अटैक, गुलाल युद्ध भी रद्द

अजमेर/राजस्थान। ब्यावर में आयोजित ऐतिहासिक बादशाह मेले के दौरान एक दुखद घटना सामने आई। मेले में बादशाह की भूमिका निभा रहे चंद्रप्रकाश अग्रवाल की हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे उनकी सवारी फतेहपुरिया चौपड़ के पास पहुंची थी। उस समय वे ट्रक पर बैठे हुए लोगों पर गुलाल रूपी खर्ची उड़ा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
होली उत्सव के दौरान बादशाह की सवारी के दौरान स्थिति गंभीर होते देख बादशाह समिति के सदस्यों और साथ मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर चंद्रप्रकाश अग्रवाल को अमृतकौर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया और प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए सीपीआर देकर उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर करने की तैयारी भी की, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस दौरान ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत सहित कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे। उनके निधन की खबर फैलते ही मेले का उत्सवी माहौल अचानक शोक में बदल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने मेले में चल रहे सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से बंद करा दिए। अजमेरी गेट के बाहर चल रहा डीजे बंद कर दिया गया। इसके अलावा कलेक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाला पारंपरिक गुलाल युद्ध भी रद्द कर दिया गया। प्रशासन ने केवल पारंपरिक फरमान देने की औपचारिकता पूरी की और इसके बाद जुलूस समाप्त करने की घोषणा कर दी।
46 वर्षीय चंद्रप्रकाश अग्रवाल ब्यावर में मिठाई और नमकीन के कारोबार से जुड़े थे और अपने पिता के साथ यह व्यवसाय संभालते थे। उन्हें इस वर्ष 176वें ऐतिहासिक बादशाह मेले में बादशाह की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। खास बात यह है कि वे दूसरी बार इस भूमिका में नजर आए थे। पिछले साल भी उन्होंने बादशाह बनकर मेले में हजारों रुपये की अबीर-गुलाल उड़ाई थी। उनके अचानक निधन से शहर में शोक की लहर है और मेले की खुशियां मातम में बदल गईं।




