राजस्थान के श्रीगंगानगर में वैन और कार की टक्कर, एसएचओ ज्योति नायक की मौत

श्रीगंगानगर/राजस्थान। श्रीगंगानगर जिले में आज सुबह एक पुलिस वैन और कार की टक्कर में एक इंस्पेक्टर ज्योति नायक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 4 बजे दुर्गा मंदिर इलाके के पास हुई, जहां महिला थाना एसएचओ ज्योति नायक एक कांस्टेबल के साथ गश्त पर गईं थीं।
शहर के प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर के पास तड़के सुबह कार से टक्कर लगने से वैन पलट गई और एसएचओ ज्योति नायक के सिर पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, ड्राइवर समेत तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एसएचओ नायक को मृत घोषित कर दिया।
महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही पूरे जिले के पुलिस प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी उच्चाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना को विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
भीषण सड़क हादसे में महिला थाना प्रभारी की जान गई है बल्कि एक सहयोगी और कार का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में घायलों की स्थिति पर नजर रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों को बेहतर उपचार प्रदान करने में जुटी हुई है।




