पुराने सिम कार्ड से बनाया 26 लाख का सोना
चीन से सामने आया चौंकाने वाला वीडियो

बीजिंग/एजेंसी। आमतौर पर सिम कार्ड पुराना या खराब होने पर लोग उसे फेंक कर नया सिम ले लेते हैं। मगर, चीन के एक व्यक्ति ने अजीबोगरीब कारनामा करके सभी को हैरान कर दिया है। उसने पुराने सिम कार्ड्स से सोना बनाया है।
पुराने सिम कार्ड से सोना बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुराने सिम कार्ड्स खरीदने के लिए ऑनलाइन होड़ मच गई है। हालांकि, चीनी व्यक्ति ने इसे लेकर लोगों को सावधान किया है कि आम लोगों के लिए ये प्रक्रिया हानिकारक साबित हो सकती है।
चीन के इस व्यक्ति की पहचान किआओ के रूप में हुई है, जो ग्वांगडोंग प्रांत के हुइझोउ शहर में रहता है। 20 जनवरी 2026 को किआओ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी, जिसमें उसे सिम से सोना निकालते हुए देखा गया था। ये वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है। इस वीडियो में किआओ पुराने सिम कार्ड को एक केमिकल से भरे ड्रम में डालता है। केमिकल के पानी में धोने से लेकर उसे जलाने समेत कई प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद किआओ 191.73 ग्राम का सोना निकालने में कामयाब हो जाता है। इस सोने की कीमत लगभग 200000 युआन (26,59,248 रुपये) होगी।
चीनी समाचार चैनल से बातचीत के दौरान किआओ ने बताया कि तकरीबन 2 टन ई-वेस्ट से उसने इतना सोना निकाला है। इसमें सिम कार्ड के अलावा कुछ खराब चिप भी मौजूद थीं। किआओ के अनुसार, सिम कार्ड के कुछ हिस्से पर सोने की परत चढ़ाई जाती है, जिससे वो लंबे समय तक खराब न हो। मेनलैंड मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिम कार्ड में 0.001 ग्राम तक सोना होता है। इसके अलावा बैंक कार्ड में लगी चिप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक चीजों में सोने का इस्तेमाल किया जता है। किआओ के अनुसार, चिप और सिम कार्ड से सोना निकालने की प्रक्रिया काफी जटिल होती है।आम लोगों के लिए ये नुकसानदायक साबित हो सकती है, इसलिए केवल प्रोफेशनल्स और जानकार लोग ही इसे फॉलो कर सकते हैं। ये न सिर्फ हानिकारक है, बल्कि कई मामलों में अवैध भी है।




