फतेहपुर में अनोखा हवन, शिव मंदिर में तीन क्विंटल लाल मिर्च की दी गई आहुति
फतेहपुर के लदिगंवा गांव स्थित शिव मंदिर में तीन क्विंटल लाल मिर्च से हवन किया गया, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में एक अनोखे हवन का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है। बहुआ क्षेत्र के लदिगंवा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने करीब तीन क्विंटल सूखी लाल मिर्च की हवन कुंड में आहुति दी। हवन के दौरान बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे।
बताया गया कि हवन के लिए पहले करीब तीन क्विंटल सूखी लाल मिर्च को कूटकर तैयार किया गया। इसके बाद उसे हवन में आहुति देने के लिए लोगों को अलग-अलग दिया गया। हवन कुंड करीब पांच से छह फीट गहरा बनाया गया था।
हवन के दौरान लाल मिर्च की आहुति दिए जाने से काफी धुआं उठता रहा। धुएं से बचने के लिए लोगों ने अपने हाथों में पालिथीन पहन रखी थी। कई लोग बीच-बीच में कपड़े से अपना चेहरा और शरीर ढकते भी दिखाई दिए। हवन में पुरुषों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
हवन का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वीडियो में बड़ी मात्रा में लाल मिर्च हवन कुंड में अर्पित करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं।
शिव मंदिर में हवन कराने वाले वेदपाठी संत अलोकानंद ने बताया कि कुछ लोगों को नकारात्मक शक्तियों के कारण बाधा होने की बात सामने आई थी। उनकी सुख-शांति के लिए उग्र देवियों का आह्वान किया गया। उनके अनुसार, मान्यता है कि इस प्रकार के अनुष्ठान से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं।
संत अलोकानंद ने बताया कि मंदिर में केवल लाल मिर्च का हवन ही नहीं किया गया, बल्कि इसके बाद शिव परिवार के साथ केतु और मंगल ग्रह की शांति के लिए भी निर्धारित हवन सामग्री की आहुति दी गई। उन्होंने इसे धार्मिक अनुष्ठान और सुख-शांति के उद्देश्य से किया गया आयोजन बताया।




