मेरठ की चौकी में दरोगा ने अपराधी अब्‍दुल के साथ मनाया जन्मदिन, युवक के साथ केट काटने का वीडियो वायरल

मेरठ की जाकिर कॉलोनी चौकी पर तैनात दरोगा अंकित की बर्थडे पार्टी में अपराधी अब्‍दुल रहमान भी नजर आया। वह अपने आपको एआईएमआईएम का महानगर सचिव बताता है।

 

मेरठ/उत्तर प्रदेश। लोहिया नगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी चौकी में तैनात एक दरोगा के जन्मदिन समारोह का वीडियो सामने आने के बाद मेरठ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। वायरल वीडियो में दरोगा कुछ युवकों के साथ चौकी परिसर में केक काटते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस समारोह में शामिल एक युवक के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जाकिर कॉलोनी चौकी पर दरोगा अंकित की तैनाती है। इसी अगस्त में कुछ दिन पहले उनका जन्मदिन था। इस दौरान चौकी परिसर में कुछ युवकों की मौजूदगी में जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। समारोह से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो में दरोगा के साथ नजर आ रहे युवकों में अब्दुल रहमान भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अब्दुल रहमान के खिलाफ दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह स्वयं को एआईएमआईएम का महानगर सचिव बताता है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस चौकी परिसर में इस तरह के आयोजन और आपराधिक मुकदमों वाले व्यक्ति की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच सीओ कोतवाली संग्राम सिंह को सौंपी गई है।
जांच के दौरान पुलिस ने अब्दुल रहमान के खिलाफ दर्ज मुकदमों की पुष्टि की है। साथ ही उसके संगठन से जुड़े होने की जानकारी भी जुटाई गई है। अब पुलिस अधिकारी वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की परिस्थितियों और दरोगा की भूमिका की जांच कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि दरोगा के साथ मौजूद अब्दुल रहमान के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है। मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button