लाइव डिबेट में गाली-गलौज और ‘जूते से मारने’ की धमकी! महंत राजू दास पर भड़की कांग्रेस
लाइव टीवी डिबेट में महंत राजू दास और कांग्रेस प्रवक्ता के बीच विवाद के बाद यूपी कांग्रेस ने ऐलान किया कि जिस डिबेट में महंत राजू दास शामिल होंगे, उसमें पार्टी का कोई प्रवक्ता हिस्सा नहीं लेगा।
लखनऊ/एजेंसी। राष्ट्रीय समाचार चैनल की लाइव टीवी बहस के दौरान अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के बीच हुई तीखी बहस के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। कांग्रेस ने अब फैसला किया है कि जिस भी समाचार चैनल की बहस में महंत राजू दास शामिल होंगे, उसमें पार्टी का कोई प्रवक्ता हिस्सा नहीं लेगा।
बताया गया कि सोमवार, 24 अगस्त को एक राष्ट्रीय समाचार चैनल की लाइव बहस के दौरान राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा करते हुए दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कांग्रेस का आरोप है कि बहस के दौरान महंत राजू दास ने पार्टी प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जूते से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने के बाद चैनल को लाइव प्रसारण बीच में रोकना पड़ा।
घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में पत्र जारी किया। मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय की ओर से जारी पत्र में 24 अगस्त की बहस के दौरान हुए घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है।
कांग्रेस ने घटना को शर्मनाक और अशोभनीय बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लाइव टीवी बहस के दौरान अभद्र भाषा और हिंसा की धमकी जैसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। इसी के चलते पार्टी ने महंत राजू दास की मौजूदगी वाली टीवी बहसों में अपने प्रवक्ताओं को नहीं भेजने का निर्णय लिया है।
विवाद के दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसके बाद मामला और चर्चा में आ गया। वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने टीवी बहस की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता जताते हुए महंत राजू दास के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है।
फिलहाल कांग्रेस के इस फैसले के बाद टीवी चैनलों की राजनीतिक बहसों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि महंत राजू दास जिस बहस में शामिल होंगे, वहां कांग्रेस का कोई प्रवक्ता हिस्सा नहीं लेगा।




