रुड़की में रक्षाबंधन से पहले दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या, भाई गिरफ्तार

हरिद्वार जिले के रुड़की में एक भाई ने अपनी दो सगी बहनों का मर्डर कर दिया। पुलिस ने देर रात ही हत्या का आरोपी भाई विक्की को गिरफ्तार कर लिया है।

हरिद्वार/उत्तराखंड। रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में रक्षाबंधन से ठीक पहले दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। वारदात को कथित तौर पर उनके भाई ने अंजाम दिया। पुलिस ने देर रात आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में बहनों के चरित्र को लेकर आरोपी के शक की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को आरोपी ने पहले गणेशपुर क्षेत्र में अपनी बहन शकुंतला पर गोली चलाई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी आजाद नगर-पनियाला रोड की ओर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी गोली चला दी। दोनों घटनाओं के बीच करीब 10 से 15 मिनट का अंतर बताया जा रहा है।
गोलीबारी में घायल दोनों महिलाओं को बचाने के लिए तत्काल प्रयास किए गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुष्पा का पति भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो अलग-अलग स्थानों पर लगातार हुई गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। वारदात की कड़ियों को जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और बहनों के चरित्र को लेकर आरोपी के शक की बात सामने आई है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों बहनों की हत्या के आरोपी भाई विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस वारदात के पीछे की पूरी वजह तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button